ई आफिस में रीवा संभाग प्रदेश में पहुंचा दूसरे स्थान पर – कमिश्नर ने दी बधाई

ई आफिस में रीवा संभाग प्रदेश में पहुंचा दूसरे स्थान पर – कमिश्नर ने दी बधाई
सभी सेवानिवृत्त शासकीय सेवकों के पेंशन प्रकरण 26 अगस्त तक दर्ज करें – कमिश्नर
रीवा 12 अगस्त 2025. कमिश्नर कार्यालय सभागार में आयोजित बैठक में कमिश्नर बीएस जामोद ने टीएल पत्रों तथा सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों के निराकरण की समीक्षा की। बैठक में कमिश्नर ने कहा कि ई आफिस में रीवा संभाग के संभागीय कार्यालयों ने अच्छा कार्य किया है। संभाग अब प्रदेश में दूसरे स्थान पर पहुंच गया है इसके लिए मैं सभी अधिकारियों को बधाई देता हूँ। संभागीय अधिकारी जिला कार्यालयों में भी ई आफिस की व्यवस्था को प्रभावी बनाएं। रीवा संभाग में अब तक 10164 फाइलों और पत्रों का ई आफिस के माध्यम से मूवमेंट और निराकरण हुआ। सभी अधिकारी हर सप्ताह कम से कम 20 फाइलें ई आफिस के माध्यम से भेजना सुनिश्चित करें। ई आफिस में हर सप्ताह 10 से कम फाइलों का मूवमेंट होने पर दण्डात्मक कार्यवाही की जाएगी।
बैठक में कमिश्नर ने कहा कि अभी दिसम्बर से मार्च तक सेवानिवृत्त अधिकारियों और कर्मचारियों के 34 प्रकरण लंबित हैं। इनका एक सप्ताह में निराकरण करें। कई पेंशन प्रकरण विभागीय जाँच के कारण लंबित हैं। कलेक्टर संबंधित अधिकारियों को विभागीय जाँच पूरी करके प्रकरण का निराकरण करने के निर्देश दें जिससे सेवानिवृत्त कर्मचारी के पेंशन प्रकरण का निराकरण हो सके। सभी अधिकारी 31 जुलाई तक सेवानिवृत्त सभी शासकीय सेवकों के पेंशन प्रकरण 26 अगस्त तक अनिवार्य रूप से पेंशन कार्यालय में उपलब्ध करा दें। कमिश्नर ने कहा कि संभाग के सभी जलाशय लगभग भर गए हैं। अभी वर्षाकाल एक माह से अधिक शेष है। अधिक वर्षा की स्थिति में राजस्व तथा राहत और बचाव में तैनात अधिकारी सचेत रहें। बाढ़ की स्थिति होने पर तत्काल राहत और बचाव करें।
बैठक में कमिश्नर ने कहा कि समाधान आनलाइन के एजेण्डा बिन्दुओं तथा 100 दिन से अधिक समय से लंबित सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों का एक सप्ताह में निराकरण करें। राजस्व, खाद्य, महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य, ऊर्जा, पीएचई तथा नगरीय प्रशासन विभाग प्रकरणों के निराकरण पर विशेष ध्यान दें। एक पेड़ माँ के नाम अभियान में निरंतर पौधे रोपित किए जा रहे हैं। अब तक वन विभाग द्वारा 46 लाख से अधिक पौधे रोपित किए जा चुके हैं। सभी अधिकारी रोपित पौधों की जानकारी पोर्टल पर अनिवार्य रूप से दर्ज करें। हर घर तिरंगा अभियान ने हर अधिकारी और कर्मचारी सहभागिता निभाएं। अपने घरों में तिरंगा फहराकर हर घर तिरंगा अभियान में सहभागी बनें। तिरंगे के साथ सेल्फी लेकर पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अपलोड करें। बैठक में कलेक्टर ने अधिकारियों को स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों, सुमंगल साइकिल अभियान, कार्यालयों के रोस्टर निरीक्षण तथा विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन के संबंध में निर्देश दिए। बैठक में संयुक्त आयुक्त सुदेश मालवीय, डिप्टी कमिश्नर श्रेयस गोखले, डीन मेडिकल कालेज डॉ सुनील अग्रवाल, क्षेत्रीय संचालक स्वास्थ्य डॉ एमएल गुप्ता, संयुक्त संचालक सामाजिक न्याय अनिल दुबे, अतिरिक्त संचालक उच्च शिक्षा डॉ आरपी सिंह, अधीक्षण यंत्री पीएचई महेन्द्र सिंह, सहायक संचालक कृषि प्रीति द्विवेदी, उप संचालक मछलीपालन डॉ अंजना सिंह, कार्यपालन यंत्री जल संसाधन मनोज तिवारी तथा सभी संभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।