हर घर तिरंगा अभियान में सभी की भागीदारी सुनिश्चित करें – कलेक्टर

हर घर तिरंगा अभियान में सभी की भागीदारी सुनिश्चित करें – कलेक्टर
मानव श्रृंखला, साइकिल रैली, रंगोली से दें हर घर तिरंगा अभियान के संदेश – कलेक्टर

रीवा 11 अगस्त 2025. कलेक्ट्रेट के मोहन सभागार में आयोजित बैठक में कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने हर घर तिरंगा अभियान तथा हर घर स्वच्छता अभियान की समीक्षा की। कलेक्टर ने कहा कि 14 अगस्त तक जिले भर में हर घर तिरंगा अभियान और स्वच्छता के कार्यक्रम लगातार आयोजित करें। सभी कार्यालय प्रमुख कार्यालय भवन और परिसर की साफ-सफाई के साथ तिरंगा रैली निकालें। सभी आंगनवाड़ी केन्द्रों में रंगोली बनाकर हर घर तिरंगा अभियान और स्वच्छता के संदेश दें। जिला शिक्षा अधिकारी 13 और 14 अगस्त को जिला और विकासखण्ड स्तर पर विद्यार्थियों की मानव श्रृंखला बनाकर अभियान में भागीदारी निभाएं। हर घर तिरंगा अभियान में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं और आमजनता की भागीदारी सुनिश्चित करें। इस अभियान के तहत जिले भर में मानव श्रृंखला, तिरंगा साइकिल रैली, तिरंगा बाइक रैली तथा रंगोली के माध्यम से हर घर तिरंगा अभियान और हर घर स्वच्छता अभियान के संदेश दें।

कलेक्टर ने कहा कि जनपद के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विकासखण्ड मुख्यालय तथा सभी ग्राम पंचायतों में तिरंगा रैली और तिरंगा यात्रा निकालें। इसमें स्थानीय जनप्रतिनिधियों तथा ग्राम स्तरीय कर्मचारियों के साथ आमजनता की भागीदारी सुनिश्चित करें। आयुक्त नगर निगम तथा मुख्य नगर पालिका अधिकारी शहरी क्षेत्र के प्रत्येक वार्ड में तिरंगा यात्रा निकालें। हर व्यक्ति को अपने घरों में स्वेच्छा से तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित करें। तिरंगा राष्ट्र की गरिमा, सम्मान और देशभक्ति का प्रतीक है। स्वतंत्रता दिवस हमारा सबसे बड़ा त्यौहार है। जिले भर में पूरे उल्लास और उमंग के साथ स्वतंत्रता दिवस मनाएं तथा हर घर तिरंगा अभियान में भागीदारी निभाएं। जिला मुख्यालय में 12 अगस्त को स्पोर्ट्स काम्पलेक्स से सुबह 8.30 बजे तिरंगा साइकिल रैली निकाली जाएगी। इसमें लगभग 500 व्यक्ति शामिल होंगे। आयुक्त नगर निगम, जिला शिक्षा अधिकारी तथा जिला खेल अधिकारी इसके लिए समस्त व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें। अभियान के तहत 13 अगस्त को माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता विश्वविद्यालय के सभागार में शाम 7 बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

कलेक्टर ने कहा कि सभी अधिकारी हर घर तिरंगा अभियान की गतिविधियाँ आयोजित करने के साथ उनका समुचित प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करें। सोशल मीडिया एवं प्रिंट मीडिया के साथ-साथ हर घर तिरंगा अभियान पोर्टल पर भी अच्छे फोटोग्राफ्स के साथ गतिविधि का विवरण अपलोड करें। जनपद के मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिले के प्रमुख पर्यटन स्थलों में भी स्वच्छता अभियान तथा तिरंगा रैली का आयोजन कराएं। सभी शिक्षण संस्थाओं तथा कार्यालयों में भी 13 अगस्त से 15 अगस्त तक तिरंगा झण्डा फहराएं। ध्वजारोहण के समय ध्वज संहिता का पूरी तरह से पालन करें। बैठक में आयुक्त नगर निगम डॉ सौरभ सोनवड़े तथा जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मेहताब सिंह गुर्जर ने हर घर तिरंगा अभियान तथा स्वतंत्रता दिवस समारोह के तैयारियों की जानकारी दी। बैठक में अपर कलेक्टर श्रीमती सपना त्रिपाठी, सभी एसडीएम, जनपद के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तथा संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Facebook Comments Box

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *