मुख्यमंत्री ने वर्चुअल माध्यम से आपदा पीड़ितों को जारी की 30 करोड़ की राहत राशि

मुख्यमंत्री ने वर्चुअल माध्यम से आपदा पीड़ितों को जारी की 30 करोड़ की राहत राशि
संकट में जनता की सेवा और सहायता करना सरकार का धर्म है – मुख्यमंत्री

रीवा 08 अगस्त 2025. मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने वर्चुअल माध्यम से बाढ़ तथा अन्य प्राकृतिक आपदाओं के पीड़ितों को 30 करोड़ रुपए की राहत राशि सिंगल क्लिक से वितरित की। मुख्यमंत्री ने वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से विभिन्न जिलों के आपदा पीड़ितों से संवाद किया। मुख्यमंत्री ने 28 हजार 400 पीड़ितों के बैंक खाते में सहायता राशि जारी की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि संकट में जनता की सेवा और सहायता करना सरकार का धर्म है। प्रदेश में कई स्थानों पर अचानक बाढ़ से हजारों लोग पीड़ित हुए। सरकार और प्रशासन ने तत्परता से उन्हें सहायता पहुंचाई। बचाव दलों ने कई लोगों के प्राण बचाए। बाढ़ और अन्य प्राकृतिक आपदा से हमने कई लोगों को खोया और सम्पत्तियों का भी नुकसान हुआ। प्राकृतिक आपदा से पीड़ितों को हर संभव सहायता दी जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बाढ़ के समय मैंने कई जिलों का दौरा किया तथा राहत और बचाव कार्य की निगरानी की। बाढ़ सरकार और प्रशासन के लिए बहुत बड़ी चुनौती थी। सबने मिलकर इस संकट का सामना किया। सामाजिक संगठनों और जनप्रतिनिधियों ने भी संकट के समय आमजनता की बढ़चढ़ कर सेवा की। बचाव दलों तथा प्रशासनिक अमले ने भी पूरी तत्परता और बहादुरी के साथ लोगों को आपदा से बचाया। अभी वर्षाकाल चल रहा है। सभी अधिक वर्षा की स्थिति में सचेत रहें। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेशवासी 9 अगस्त को उल्लास के साथ रक्षाबंधन का पर्व मनाएं। इसके बाद हमारा सबसे बड़ा त्यौहार स्वतंत्रता दिवस 15 अगस्त को मनाया जाएगा। प्रदेशवासी अपने घरों में तिरंगा लगाकर और स्वतंत्रता दिवस समारोह में शामिल होकर इस त्यौहार को मनाएं। इसके बाद हम सब मिलकर बलराम जयंती और कृष्ण जन्माष्टमी पर्व भी मनाएंगे। प्रदेशवासियों को सभी पर्वों और त्यौहारों की मैं बधाई देता हूँ।
मुख्यमंत्री डॉ यादव ने वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से शिवपुरी, गुना, मऊगंज, रायसेन तथा छिंदवाड़ा जिले के आपदा पीड़ितों और जनप्रतिनिधियों से संवाद किया। पीड़ितों ने बाढ़ से राहत और बचाव के लिए किए गए प्रबंधों तथा तत्परता से दी गई मदद के लिए सरकार और प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। कलेक्ट्रेट के एनआईसी केन्द्र से विधायक गुढ़ श्री नागेन्द्र सिंह, विधायक मनगवां श्री नरेन्द्र प्रजापति, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नीता कोल, पूर्व महापौर श्री वीरेन्द्र गुप्ता, कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल, अपर कलेक्टर श्रीमती सपना त्रिपाठी तथा बड़ी संख्या में आपदा पीड़ित शामिल रहे।

Facebook Comments Box

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *