आमजनता के स्वास्थ्य रक्षा की जिम्मेदारी ठीक से निभाएं – कमिश्नर

आमजनता के स्वास्थ्य रक्षा की जिम्मेदारी ठीक से निभाएं – कमिश्नर

रीवा 05 अगस्त 2025. कमिश्नर कार्यालय सभागार में आयोजित संभागीय बैठक में कमिश्नर बीएस जामोद ने स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा की। कमिश्नर ने कहा कि मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी तथा उनके सहयोगियों पर आमजनता के स्वास्थ्य रक्षा की जिम्मेदारी है। इसे ठीक से निभाएं। विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन की ग्राम स्तर तक समीक्षा करें। मातृ मृत्यु दर तथा शिशु मृत्यु दर पर नियंत्रण के सभी उपायों को प्राथमिकता से लागू करते हुए सघन मानीटरिंग करें। रोगियों को उपचार देना बहुत पवित्र कार्य है। डॉक्टर के पास पीड़ित और दुखी रोगी ही पहुंचते हैं। उनका सेवाभाव से उपचार करें। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी बीएमओ तथा डीएचओ सप्ताह में कम से कम चार दिन क्षेत्र का भ्रमण कर ग्राम स्तर तक योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा करें। मेडिकल आफीसर तथा अन्य मैदानी कर्मचारियों की उपस्थिति की वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से जानकारी लें। कमिश्नर ने निक्षय प्रोत्साहन योजना के तहत क्षय नियंत्रण में अपेक्षा के अनुरूप कार्य न होने पर संभाग के सभी जिलों के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी तथा प्रभारी क्षय अधिकारी को कारण बताओ नोटिस देने के निर्देश दिए।

बैठक में कमिश्नर ने कहा कि गर्भवती महिलाओं का शत-प्रतिशत ऑनलाइन पंजीयन कराएं। गत 15 दिवस में सभी जिलों में पंजीयन की स्थिति में सुधार हुआ है। ऑनलाइन और आफलाइन पंजीयन में किसी तरह का अंतर नहीं रहना चाहिए। यदि गर्भवती महिलाओं का पंजीयन निर्धारित लक्ष्य से 80 प्रतिशत कम है तो संबंधित बीएमओ और एएनएम के विरूद्ध कार्यवाही करें। सीवियर और माडरेट एनीमिया के चिन्हित रोगियों के समुचित उपचार में भी सुधार हुआ है। हर पीड़ित को समुचित उपचार देकर उसे सुपोषित और स्वस्थ बनाएं। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और कर्मचारी भी क्षेत्र का भ्रमण करने के दौरान गर्भवती महिलाओं के घर जाएं। गर्भवती महिलाओं तथा उनके परिवार के सदस्यों को समुचित पोषण और स्वास्थ्य रक्षा के संबंध में समझाइश दें। परिवार के साथ बैठकर भोजन भी ग्रहण करें।

कमिश्नर ने कहा कि गर्भवती महिलाओं की उचित देखभाल और सही पोषण होगा तभी बच्चा स्वस्थ होगा। महिला को समझाइश देते समय इस बात पर जो दें कि अच्छा पोषण उसके बच्चे के लिए आवश्यक है। हर माँ अपना बच्चा स्वस्थ और तंदुरूस्त चाहती है। घर में उपलब्ध फल, सब्जियों और अनाजों से भी अच्छा पोषण मिल जाता है। गर्भवती महिलाओं को पोषण आहार के संबंध में लगातार जागरूक करें। बैठक में कमिश्नर ने शिशुओं और गर्भवती महिलाओं के टीकाकरण, गर्भवती महिलाओं के एएनसी पंजीयन, एनीमिया की रोकथाम तथा स्वच्छता के संबंध में निर्देश दिए। क्षेत्रीय संचालक स्वास्थ्य डॉ एमएल गुप्ता ने विभागीय योजनाओं की जानकारी प्रस्तुत की। बैठक में संयुक्त आयुक्त सुदेश मालवीय, संयुक्त दिव्या त्रिपाठी, सभी जिलों के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, सिविल सर्जन तथा डीएचओ उपस्थित रहे।

Facebook Comments Box

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *