स्वतंत्रता दिवस समारोह के आयोजन की सभी तैयारियाँ सुनिश्चित करें – कलेक्टर संजय कुमार जैन
स्वतंत्रता दिवस समारोह के आयोजन की सभी तैयारियाँ सुनिश्चित करें – कलेक्टर संजय कुमार जैन
कलेक्टर ने टीएल बैठक में की समीक्षा
मऊगंज 30 जुलाई 2025. कलेक्ट्रेट सभागार मऊगंज में आयोजित बैठक में कलेक्टर संजय कुमार जैन ने स्वतंत्रता दिवस समारोह के आयोजन की तैयारियों के संबंध में अधिकारियों को निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमारे देश का महत्वपूर्ण राष्ट्रीय पर्व है। समारोह के आयोजन के लिए विभागों के अधिकारी आपसी समन्वय, निष्ठा और जिम्मेदारी से समय पर कार्य पूर्ण करें। स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास और परंपरागत तरीके से मनाया जाएगा। जिला स्तरीय समारोह कलेक्ट्रेट परिसर में होगा। उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस समारोह में सम्मानित करायें। समारोह के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, सौंदर्यीकरण, साफ-सफाई एवं पेयजल व्यवस्था, स्वास्थ्य सुविधा, सांस्कृतिक कार्यक्रम, ध्वजारोहण, पुरस्कार वितरण, वीर नारियों के सम्मान, विद्युत व्यवस्था, मंच व्यवस्था, अतिथियों, गणमान्य नागरिकों और आमजनों के लिए बैठक व्यवस्था सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने सभी कार्यालयों, नगर पंचायतों, विकासखण्डों, ग्राम पंचायतों और सभी शिक्षण संस्थानों में स्वतंत्रता दिवस समारोह के आयोजन के संबंध में अधिकारियों को निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस पर वृक्षारोपण कार्यक्रम बहुती में होगा तथा विद्यालयों में विशेष मध्यान्ह भोजन का भी आयोजन किया जाएगा।
बैठक में कलेक्टर ने टीएल पत्रों तथा सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों के निराकरण की भी समीक्षा की। कलेक्टर ने कहा कि सभी अधिकारी सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों पर स्वयं ध्यान देकर इनका संतुष्टिपूर्वक निराकरण कराएं। सीएम हेल्पलाइन में 50 दिन से अधिक समय से लंबित सभी शिकायतों का तत्परता से निराकरण करें। जिले में स्थित बहुती जलप्रपात मध्यप्रदेश का सबसे ऊंचा जलप्रपात है। यहाँ बड़ी संख्या में पर्यटक आते हैं। इस स्थान में व्यापक रूप से पौधरोपण का अभियान चलाएं और उनकी सुरक्षा के समुचित उपाय करें। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मेहताब सिंह गुर्जर, पुलिस अधीक्षक दिलीप सोनी, सभी एसडीएम सहित संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर मऊगंज ने प्रधानाध्यापक को दिया कारण बताओ नोटिस
मऊगंज 30 जुलाई 2025. मऊगंज कलेक्टर संजय कुमार जैन ने शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय टटिहरा के प्रधानाध्यापक श्यामसुंदर प्रजापति को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। अनुविभागीय अधिकारी राजस्व हनुमना द्वारा गत दिनों विद्यालय के निरीक्षण के दौरान प्रधानाध्यापक बिना पूर्व सूचना के अनुपस्थित रहे। विद्यालय में छात्रों की संख्या न्यून पाई गई। शासकीय कृत्य में लापरवाही, अनुशासनहीनता तथा स्वेच्छाचारिता के आरोप में कलेक्टर ने प्रधानाध्यापक को कारण बताओ नोटिस जारी कर तीन दिवस में समक्ष में उपस्थित होकर लिखित जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
जर्जर भवनों में कक्षाएं संचालित न करें, इनमें तत्काल सुधार करायें – कलेक्टर
मऊगंज 30 जुलाई 2025. कलेक्टर मऊगंज संजय कुमार जैन ने जर्जर विद्यालय भवनों में कक्षाएं संचालित न करने के आदेश जारी किये हैं। जारी आदेश में कलेक्टर ने कहा है कि निरीक्षण के दौरान कई विद्यालयों के भवन जीर्ण शीर्ण एवं क्षतिग्रस्त अवस्था में पाये गये हैं। इनमें कक्षाओं का संचालन करना आपत्तिजनक है। कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी और जिला शिक्षा केन्द्र के परियोजना समन्वयक को सभी विद्यालय भवनों का संयुक्त निरीक्षण करने और भौतिक सत्यापन कर उन्हें चिन्हित करने के निर्देश दिये हैं। उन्होंने कहा है कि बारिश एवं अतिवृष्टि को देखते हुए ऐसे भवनों में अध्ययन और अध्यापन कार्य संचालित न करें। कलेक्टर ने संबंधित निर्माण एजेंसी के माध्यम से जीर्ण शीर्ण एवं क्षतिग्रस्त विद्यालय भवनों की मरम्मत एवं जीर्णोंद्धार कराया जाना सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिये हैं।