उप मुख्यमंत्री ने एसडीएम हुजूर कार्यालय भवन का किया लोकार्पण

उप मुख्यमंत्री ने एसडीएम हुजूर कार्यालय भवन का किया लोकार्पण
रीवा को राजस्व के क्षेत्र में अव्वल बनाने में एसडीएम कार्यालय की होगी महत्वपूर्ण भूमिका
अच्छे भवन और सुविधाएं पूरी कार्यक्षमता से कार्य करने की प्रेरणा देती हैं – उप मुख्यमंत्री

रीवा 27 जुलाई 2025. उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने कालेज चौराहा के समीप नवनिर्मित एसडीएम हुजूर कार्यालय भवन का लोकार्पण किया। उप मुख्यमंत्री ने विधिवत पूजा-अर्चना करके इसका लोकार्पण किया। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने कहा कि जब हमें कार्य करने के लिए अच्छा भवन और उचित सुविधाएं मिलती हैं तो हमें पूरी कार्यक्षमता से कार्य करने की प्रेरणा मिलती है। नवनिर्मित एसडीएम कार्यालय भवन संभवत: प्रदेश में सबसे सुसज्जित एसडीएम कार्यालय है। रीवा के कलेक्ट्रेट और नवीन न्यायालय भवन को भी सबसे अनूठा बताया गया है। अब नए भवन में पटवारियों को बैठने के लिए उचित स्थान मिल रहा है। आमजनता को सरलता से पटवारी मिल जाएंगे। व्यवस्थित मीटिंग हाल में योजनाओं की प्रभावी समीक्षा होगी। रीवा को हर क्षेत्र की तरह राजस्व क्षेत्र में भी अव्वल बनाना है। इसमें एसडीएम कार्यालय हुजूर की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि नए भवन में प्रत्येक कोर्ट के बाहर प्रकरणों की सुनवाई के संबंध में भी विवरण प्रदर्शित किया जाएगा। इससे पक्षकारों और वकीलों को बड़ी सुविधा मिलेगी। हम सबका मूल उद्देश्य आमजनता की सेवा करना है। इस भवन में यदि कोई पीड़ित और परेशान आए तथा अपनी परेशानी मिटाकर मुस्कान लेकर लौटे यही सच्ची सफलता होगी। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि भवन में आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं। दो बड़े मीटिंग हाल, तीन ओर से प्रवेश की सुविधा, पार्किंग तथा अन्य सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हैं। अच्छे भवन निर्माण के लिए मैं पीआईयू के अधिकारियों और निगरानी के लिए राजस्व अधिकारियों को बधाई देता हूं।

कार्यक्रम में अपर कलेक्टर श्रीमती सपना त्रिपाठी ने कहा कि उप मुख्यमंत्री जी रीवा के सतत विकास के लिए प्रयासरत हैं। यह कार्यालय भी आपके प्रयासों का ही परिणाम है। मध्यप्रदेश में कहीं भी इतना व्यवस्थित और आधुनिक एसडीएम कार्यालय नहीं है। यह आफिस पूरे प्रदेश के लिए रोल माडल बनेगा। एसडीएम हुजूर वैशाली जैन ने कार्यक्रम में कहा कि नवीन भवन में आमजनता के लिए मीटिंग रूम, पटवारियों के लिए कक्ष तथा डिजिटल नकल की भी सुविधा दी जा रही है। शासन के निर्देशों के अनुसार यहाँ एक अगस्त से चार राजस्व अधिकारी दिनभर केवल राजस्व प्रकरणों की सुनवाई करेंगे। अधीक्षण यंत्री लोक निर्माण पीआईयू श्री वर्मा ने बताया कि नवीन भवन का निर्माण सात करोड़ 82 लाख 8 हजार रुपए की लागत से किया गया है। इसमें तीन तलों में कुल 36 हजार वर्गफिट स्थान उपलब्ध है। कार्यक्रम में पूर्व महापौर श्री वीरेन्द्र गुप्ता, श्री राजेश पाण्डेय, तहसीलदार शिवशंकर शुक्ला, नायब तहसीलदार विन्ध्या मिश्रा, स्थानीय जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।

Facebook Comments Box

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *