राजस्व प्रकरणों का समय सीमा में निराकरण करें – कलेक्टर
राजस्व प्रकरणों का समय सीमा में निराकरण करें – कलेक्टर
आमजन को प्राप्त होने वाली राजस्व संबंधी सेवाओं का नियत समय में
लाभ दिलाना सुनिश्चित करें – कलेक्टर
रीवा 23 जुलाई 2025. कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल की अध्यक्षता में जिले के राजस्व अधिकारियों की समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। कलेक्ट्रेट के मोहन सभागार में आयोजित बैठक में कलेक्टर ने निर्देश दिये कि राजस्व प्रकरणों का समय सीमा में निराकरण करते हुए आमजन को राजस्व संबंधी सेवाओं का लाभ नियत समय सीमा में दिलायें।
कलेक्टर ने कहा कि जिले के सभी राजस्व न्यायालय व कार्यालय समय पर खुले। लोगों के न्यायालयीन प्रकरणों की नियमित सुनवाई की जाय तथा राजस्व से संबंधित प्रकरणों का तत्परता से निराकरण हो। उन्होंने कहा कि राजस्व के प्रकरण 3 माह से अधिक लंबित नहीं रहने चाहिए। सभी तहसीलदार पूर्व के लंबित प्रकरणों का 15 दिवस में निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने नामांतरण के समय सीमा से अधिक दिनों तक लंबित प्रकरणों में संबंधित नायब तहसीलदारों को नोटिस देने तथा समय सीमा से अधिक दिनों से लंबित सेवाओं के लिये संबंधितों पर अर्थदण्ड अधिरोपित करने के निर्देश बैठक में दिये गये।
समीक्षा बैठक में कलेक्टर ने प्राकृतिक आपदाओं में प्रकरणों का परीक्षण कर एसडीएम को तत्परता से निराकृत कर संबंधितों को सहायता राशि प्रदाय करने के निर्देश दिये। उन्होंने आरसीएमएस में 2 से 5 वर्ष के लंबित प्रकरणों का निराकरण कर अभिलेख सुधार के प्रकरणों में त्वरित कार्यवाही किये जाने की बात कही। कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों की समीक्षा के दौरान कहा कि सभी तहसील एक ग्रेड में रहे तथा 50 दिनों से अधिक दिनों से लंबित शिकायतों का निराकरण करें तथा जिले में संचालित हो रहे शिविरों में भी निराकरण करायें। उन्होंने संवाद से समाधान कार्यक्रम में बटवारा प्रकरणों का मौके पर निराकरण करने के निर्देश दिये।
बैठक में जनसुनवाई के प्रकरणों का निराकरण कर प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश कलेक्टर द्वारा दिये गये। उन्होंने जिले में फार्मर रजिस्ट्री में अपेक्षित प्रगति न होने पर अप्रसन्नता व्यक्त की तथा तत्परता से कार्य किये जाने के निर्देश दिये। भूअर्जन के संबंध में संबंधित विभाग से समन्वय बनाकर प्रकरणों का निराकरण करने के निर्देश कलेक्टर ने दिये। उन्होंने मनगवां एवं सिरमौर के तहसील भवन निर्माण के लिये प्रस्ताव प्रस्तुत करने के निर्देश बैठक में दिये। इस दौरान अपर कलेक्टर श्रीमती सपना त्रिपाठी, समस्त एसडीएम, संयुक्त कलेक्टर श्रेयस गोखले, जिला प्रबंधक ईगवर्नेंस आशीष दुबे, जिला प्रबंधक लोक सेवा रविकांत पाण्डेय सहित तहसीलदार, नायब तहसीलदार उपस्थित रहे।
