सीएम हेल्पलाइन में विभाग की रैंकिंग खराब तो होगी कार्यवाही – कलेक्टर

सीएम हेल्पलाइन में विभाग की रैंकिंग खराब तो होगी कार्यवाही – कलेक्टर
भारी वर्षा और बाढ़ से निपटने की पूरी तैयारी रखें – कलेक्टर
रीवा 30 जून 2025. कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में टीएल पत्रों तथा सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों के निराकरण की समीक्षा की। कलेक्टर ने कहा कि सीएम हेल्पलाइन की ग्रेडिंग में अभी भी कई विभाग खराब रैंकिंग में हैं। जो विभाग प्रदेश में टॉप 20 में शामिल नहीं हो पाएंगे उनके विरूद्ध कार्रवाई की जाएगी। सभी अधिकारी सात दिवस में लंबित सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों का संतुष्टिपूर्वक निराकरण कराकर रैंकिंग में सुधार करें। सीएम हेल्पलाइन में 50 दिवस से अधिक समय से लंबित प्रकरणों के निराकरण पर विशेष ध्यान दें। ऊर्जा विभाग, पीएचई विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा स्वास्थ्य विभाग रैंकिंग में सुधार के लिए विशेष प्रयास करें।
बैठक में कलेक्टर ने कहा कि एसडीएम अपने अनुभाग में सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों के निराकरण की समीक्षा करें। लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के विरूद्ध कार्यवाही प्रस्तावित करें। सभी एसडीएम तथा अन्य अधिकारी भारी वर्षा और बाढ़ से निपटने के लिए पूरी तैयारी रखें। राहत और बचाव कार्य के लिए आवश्यक संसाधनों की तत्काल व्यवस्था कर लें। नगरीय क्षेत्रों में भारी वर्षा में जल भराव होने पर पानी की निकासी की तत्काल व्यवस्था कराएं। प्राकृतिक आपदा के संबंध में सूचनाओं का समय पर आदान-प्रदान करें। तहसील स्तरीय कंट्रोल रूम तथा जिला स्तरीय कंट्रोल रूम में 24 घंटे कर्मचारी तैनात रखें। जिला आपूर्ति प्रबंधक उचित मूल्य दुकानों से हितग्राहियों को तीन माह का खाद्यान्न वितरित कराने के साथ-साथ ई केवाईसी अपडेट कराएं। विषमतामूलक परिवारों और अपात्र हितग्राहियों के नाम राशन मित्र पोर्टल से पृथक करने की कार्यवाही भी करें।
कलेक्टर ने कहा कि गेंहू उपार्जन के एक-दो प्रकरणों में अभी भुगतान नहीं हुआ है। महाप्रबंधक सहकारी बैंक तथा जिला प्रबंधक नागरिक आपूर्ति निगम शेष किसानों का तीन दिवस में भुगतान कराएं। अपर कलेक्टर खाद्य विभाग, मापतौल तथा अन्य अधिकारियों की टीम बनाकर सभी पेट्रोल पंपों में पेट्रोल और डीजल की गुणवत्ता की जाँच कराकर प्रतिवेदन प्रस्तुत करें। पेट्रोल पंप में किसी भी तरह की अनियमितता पाए जाने पर कड़ी कार्यवाही करें। सहकारी समितियों तथा मार्फेड के केन्द्रों में किसानों को खाद का व्यवस्थित वितरण कराएं। खाद की रैक लगातार प्राप्त हो रही है। सभी अधिकारी मुख्यमंत्री कार्यालय तथा मुख्य सचिव कार्यालय से प्राप्त पत्रों का तत्काल प्रतिवेदन देना सुनिश्चित करें। कार्यपालन यंत्री लोक निर्माण विभाग तथा अन्य अधिकारी जलमग्न होने वाले पुलिया एवं पुलों में संकेतक लगाने तथा बाढ़ की स्थिति में आवागमन रोकने की समुचित व्यवस्था करें।
बैठक में खाद-बीज की आपूर्ति, पेयजल व्यवस्था, वर्षाजनित रोगों से बचाव तथा स्वामित्व योजना के क्रियान्वयन की समीक्षा की गई। बैठक में आयुक्त नगर निगम डॉ सौरभ सोनवड़, अपर कलेक्टर श्रीमती सपना त्रिपाठी, संयुक्त कलेक्टर पीके पाण्डेय, संयुक्त कलेक्टर श्रेयस गोखले, सभी एसडीएम तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Facebook Comments Box

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *