ब्लड सेपरेशन यूनिट रीवा के लिये बड़ी उपलब्धि है – उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल

ब्लड सेपरेशन यूनिट रीवा के लिये बड़ी उपलब्धि है – उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल
उप मुख्यमंत्री ने ब्लड बैंक एवं ब्लड सेपरेशन यूनिट का किया शुभारंभ

रीवा 25 जून 2025. उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि रीवा मेडिकल हब बन रहा है ऐसे समय में ब्लड सेपरेशन यूनिट रीवा के लिये बड़ी सौगात है। ब्लड सेपरेशन यूनिट में एक व्यक्ति द्वारा दिये गये रक्तदान से चार व्यक्तियों की रक्त की आवश्यकता की पूर्ति हो जाती है। उप मुख्यमंत्री ने रेडक्रास भवन में भारतीय रेडक्रास सोसायटी द्वारा संचालित किये जाने वाले ब्लड बैंक एवं ब्लड सेपरेशन यूनिट का शुभारंभ किया।

रेडक्रास भवन में आयोजित कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री ने कहा कि संजय गांधी अस्पताल के अतिरिक्त रेडक्रास सोसायटी का ब्लड बैंक व ब्लड सेपरेशन यूनिट मरीजों की रक्त उपलब्धता में सहायक होगा। उन्होंने लोगों से बढ़-चढ़ कर रक्तदान करने की अपील की। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि मैंने भी लगभग 30 बार रक्तदान किया है। रक्तदान से किसी जरूरत मंद की मदद होती है। अत: आगे बढ़कर रक्तदान करें ताकि ब्लड बैंक में पर्याप्त रक्त की उपलब्धता रहे व जरूरतमंद को सुविधा से प्राप्त हो सके। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि रीवा में संजय गांधी अस्पताल के पुर्नरूद्वार एवं नवीनीकरण के लिये 325 करोड़ रूपये तथा नवीन मशीनों की स्थापना के लिये 100 करोड़ रूपये की राशि स्वीकृत कराई गई है। रीवा में 200 विस्तर का कैंसर अस्पताल निर्माणाधीन है। इन सब उपलब्धियों के साथ ब्लड सेपरेशन यूनिट का अपना विशेष महत्व रहेगा। उन्होंने यूनिट की स्थापना के लिये रेडक्रास के चेयरमैन व पदाधिकारियों द्वारा किये गये प्रयासों के लिये साधुवाद दिया तथा इसके व्यवस्थित संचालन की अपेक्षा की।

इस अवसर पर भारतीय रेडक्रास सोसायटी रीवा के चेयरमैन डॉ. प्रभाकर चतुर्वेदी ने कहा कि उप मुख्यमंत्री जी के प्रयासों से यह बड़ी उपलब्धि प्राप्त हुई है। उन्हीं के प्रयासों से ही रीवा प्रदेश व देश में अपनी पहचान स्थापित कर रहा है। ब्लड सेपरेशन यूनिट की स्थापना इस क्षेत्र के मरीजों के लिये वरदान साबित होगी। उन्होंने रेडक्रास सोसायटी के माध्यम से सभी के सहयोग से सेवाभाव का संकल्प दोहराया। कार्यक्रम को डॉ. सी.बी.शुक्ला ने भी संबोधित किया। इस दौरान डॉ. बी.के. शर्मा ने जानकारी दी कि ब्लड सेपरेशन यूनिट 24 घंटे कार्य करेगी। यहां रक्त को चार भागों में विभक्तीकरण कर मरीजों को उपलब्धता सुनिश्चित कराई जायेगी। कार्यक्रम का संचालन सचिव रेडक्रास सोसायटी डॉ. विनोद श्रीवास्तव ने किया। इस अवसर पर अध्यक्ष नगर निगम व्यंकटेश पाण्डेय, अपर कलेक्टर श्रीमती सपना त्रिपाठी, जयंत खन्ना, संयुक्त संचालक अनिल दुबे, अतिरिक्त संचालक उच्च शिक्षा आरपी सिंह सहित रेडक्रास के पदाधिकारी, सदस्य, स्वयंसेवी संगठनों के प्रतिनिधि व गणमान्यजन एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Facebook Comments Box

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *