रोजगारोन्मुखी शिक्षा युवाओं के लिए वरदान बनेगी – उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल

रोजगारोन्मुखी शिक्षा युवाओं के लिए वरदान बनेगी – उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल

रीवा 07 जून 2025. उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल रीवा के निपनिया में निजी शैक्षणिक संस्थान माँ कालिका महाविद्यालय एवं आदर्श ज्योति विद्यालय के उन्नयन कार्यक्रम में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि रोजगारोन्मुखी शिक्षा युवाओं के लिए वरदान बनेगी। महाविद्यालय से शिक्षित होकर युवा स्थानीय स्तर पर ही रोजगार प्राप्त कर सकेंगे। श्री शुक्ल ने कहा कि शिक्षा व स्वास्थ्य के क्षेत्र में निजी संस्थान आगे आ रहे हैं। शैक्षणिक संस्थानों में संस्कारयुक्त शिक्षा देकर आने वाली पीढ़ी को राष्ट्र को समर्पित करें ताकि हमारा देश उन्नति के पथ पर आगे बढ़ता रहे।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि रीवा का तेजी से विकास हो रहा है। निपनिया क्षेत्र में इस महाविद्यालय का विशेष महत्व है। इस क्षेत्र के सर्वांगीण विकास से महाविद्यालय में युवाओं को उच्च शिक्षा व रोजगारोन्मुखी शिक्षा मिल सकेगी। उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ी का भविष्य उज्ज्वल है। रीवा में आईटी पार्क की स्थापना सहित रोजगारोन्मुखी शिक्षा के प्रयास जारी हैं। उन्होंने महाविद्यालय की सफलता के लिए अपनी शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर रीवा सांसद श्री जनार्दन मिश्र ने कहा कि शिक्षा केन्द्र से राष्ट्र निर्माण का मार्ग प्रशस्त करने में योगदान दिया जाए। शिक्षा ऐसी हो जिसमें शोषण न हो वरन अच्छी शिक्षा देकर युवाओं को अच्छे नागरिक बनाने का कार्य किया जाए। सीधी सांसद डॉ राजेश मिश्रा ने कहा कि उप मुख्यमंत्री जी का मार्गदर्शन महाविद्यालय को मिलता रहेगा। महाविद्यालय के संचालक व इससे जुड़े अन्य पदाधिकारी इस केन्द्र को आदर्श केन्द्र के तौर पर स्थापित करने में अपना योगदान देंगे। कार्यक्रम में डॉ आर्या प्रसाद त्रिपाठी, जयंत खन्ना, वीरेन्द्र आर्या, रामायण गौतम, मुकेश श्रीवास्तव, योगेश्वर प्रसाद शास्त्री,  एसपी त्रिपाठी सहित बड़ी संख्या में शिक्षाविद् व गणमान्य जन उपस्थित रहे।

Facebook Comments Box

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *