हिनौती गौधाम के सुचारू संचालन की व्यवस्था के साथ ही निर्माणाधीन कार्यों को समय सीमा में पूर्ण करें – उप मुख्यमंत्री

हिनौती गौधाम के सुचारू संचालन की व्यवस्था के साथ ही निर्माणाधीन कार्यों को समय सीमा में पूर्ण करें – उप मुख्यमंत्री
रीवा 07 जून 2025. उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने हिनौती गौधाम के सुचारू संचालन तथा निर्माणाधीन सभी कार्यों को पूरी गुणवत्ता के साथ समय सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वर्षा से पूर्व कार्यों को इस स्थिति तक ले आएं जिससे वर्षाकाल में कार्य प्रभावित न हो। सर्किट हाउस रीवा में आयोजित समीक्षा बैठक में उप मुख्यमंत्री ने कहा कि हिनौती गौधाम के लिए लालगांव से पहुंच मार्ग के दोनों तरफ सघन वृक्षारोपण कराएं तथा पहुंच मार्ग को दुरूस्त करने का कार्य करें। उन्होंने गौधाम में वर्षाकाल में वृक्षारोपण किए जाने के भी निर्देश अधिकारियों को दिए। उप मुख्यमंत्री ने गौधाम में गौ सेवकों व अन्य स्टाफ की नियुक्ति कर गौधाम के व्यवस्थित संचालन के लिए भी निर्देशित किया। श्री शुक्ल ने कहा कि जन सहयोग से प्रारंभ की गई यह गौशाला अब गौधाम का रूप ले रही है। सभी के सहयोग से तथा शासन से प्राप्त राशि से मास्टर प्लान के अनुसार गौधाम में गौवंश के लिए शेड, सड़क, पानी के हौज, भूसा शेड आदि के कार्य प्रगतिरत हैं। प्रशासनिक भवन/गेस्ट हाउस भी निर्माणाधीन है। सभी कार्य नियत समय पर पूरे हो जाएंगे और यह गौधाम प्रदेश का विशिष्टतम गौधाम बनेगा। बैठक में कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने गौधाम में पानी की व्यवस्था के साथ ही अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया। बैठक में विधायक मनगवां इंजीनियर नरेन्द्र प्रजा‍पति, आयुक्त नगर निगम डॉ सौरभ सोनवड़े, सीईओ जिला पंचायत मेहताब सिंह गुर्जर, एसडीएम राजेश सिन्हा, संयुक्त संचालक पशुपालन डॉ राजेश मिश्रा, जनपद अध्यक्ष गंगेव विकास तिवारी, गौ संवर्धन बोर्ड के पूर्व उपाध्यक्ष राजेश पाण्डेय सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Facebook Comments Box

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *