परिवहन विभाग ने नियमों के उल्लंघन पर की 73 यात्री बसों पर कार्यवाही

परिवहन विभाग ने नियमों के उल्लंघन पर की 73 यात्री बसों पर कार्यवाही
60 स्कूल बसों को भी किया गया जप्त

रीवा 27 मई 2025. परिवहन विभाग ने सड़क सुरक्षा और यात्री नियमों के उल्लंघन के खिलाफ सख्त अभियान चलाते हुए बड़ा कदम उठाया है। नियमित जांच अभियान के अंतर्गत 73 यात्री बसों पर अनियमितताओं के चलते कुल 2,82,070 रुपये का जुर्माना वसूला गया है। वहीं 60 स्कूल बसों को बिना वैध दस्तावेजों के संचालन के चलते स्कूल परिसरों से जप्त किया गया। इस संबंध में क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी मनीष त्रिपाठी ने बताया कि यह कार्रवाई स्कूलों की छुट्टियों के दौरान की गई, ताकि स्कूल बसों की निष्क्रिय अवस्था में जांच की जा सके। जांच के दौरान पाया गया कि कई स्कूल बसें बिना परमिट, फिटनेस सर्टिफिकेट और सुरक्षा मानकों के विरुद्ध खड़ी थीं, जो बच्चों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा हैं। इन बसों को स्कूल परिसर में जाकर जप्त किया गया और विधिवत पावती दी गई।

क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी ने बताया कि यदि जप्त की गई बसों का संचालन दस्तावेज पूरे किए बिना किया गया, तो विद्यालय प्रबंधन पर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा और नियमों के पालन को लेकर ऐसी कार्रवाई आगे भी नियमित रूप से की जाएगी। उन्होंने कहा कि बिना दस्तावेज चलने वाली बसें केवल नियमों का उल्लंघन नहीं करतीं, बल्कि यात्रियों और खासतौर से बच्चों की जान के लिए खतरा बन सकती हैं। इस सख्त कार्रवाई का स्थानीय नागरिकों और अभिभावकों ने समर्थन किया है और इसे बच्चों की सुरक्षा के हित में एक आवश्यक कदम बताया है।

Facebook Comments Box

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *