कृषि एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों का संयुक्त प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न

कृषि एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों का संयुक्त प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न

रीवा 26 अप्रैल 2025. आयुक्त रीवा संभाग के निर्देश पर कृषि एवं उससे संबंधित अन्य विभागीय अधिकारियों का संयुक्त प्रशिक्षण कार्यक्रम कृषि विज्ञान केन्द्र रीवा के सभागार में संपन्न हुआ। प्रशिक्षण में हितग्राहीमूलक योजनाओं के क्रियान्वयन एवं उपलब्धियों का पावर प्वाइंट के माध्यम से प्रस्तुतिकरण किया गया। कार्यशाला में कृषि खाद्य सुरक्षा मिशन, कृषि विकास योजना, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना, आचार्य विद्यासागर गौ सेवा योजना, राष्ट्रीय पशुधन मिशन, टीकाकरण, दुग्ध उत्पादन योजना, प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना, राष्ट्रीय बागवान मिशन, सब्जी, मसाला एवं फल उद्यान योजना के विषय में विस्तार से विचार विमर्श किया गया। कृषि शक्ति योजना के साथ ही कस्टम हायरिंग योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक कृषकों को दिलाने के लिए ऑनलाइन पंजीयन किए जाने की अपेक्षा भी मैदानी अमले से की गई। कार्यशाला में विभागीय मैदानी अधिकारियों-कर्मचारियों को हितग्राहीमूलक योजनाओं का समन्वित रूप से लाभ प्रदान कर इनका अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार किए जाने पर बल दिया गया। संयुक्त संचालक कृषि केएल नेताम ने जल गंगा संवर्धन अभियान अंतर्गत स्प्रिंकल एवं बलराम तालाब योजना के आवेदन प्राप्त करने एवं नरवाई प्रबंधन हेतु किसानों को प्रेरित करने की अपेक्षा की गई। इस अवसर पर उप संचालक कृषि यूपी बागरी, उप संचालक पशु चिकित्सा सेवाएं डॉ राजेश मिश्रा, सहायक संचालक उद्यान बृजराज सिंह सेंगर, सहायक संचालक मत्स्य अंजना सिंह, वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ अजय कुमार पाण्डेय, भृगुनाथ पाण्डेय सहित कृषि एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Facebook Comments Box

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *