हर व्यक्ति को जल संरक्षण कार्य से जोड़ें – सीईओ

जल संरक्षण कार्यों का विवरण पोर्टल में अनिवार्य रूप से दर्ज करें – सीईओ
हर व्यक्ति को जल संरक्षण कार्य से जोड़ें – सीईओ

रीवा 11 अप्रैल 2025. कलेक्ट्रेट के मोहन सभागार में आयोजित बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मेहताब सिंह गुर्जर ने जल गंगा संवर्धन अभियान की समीक्षा की। मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने कहा कि अभियान से जुड़े सभी 16 विभाग निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार जल संरक्षण का कार्य कराएं। कार्यों का विवरण अच्छे फोटोग्राफ के साथ माई भारत पोर्टल पर अपलोड कराएं। जल संरक्षण और संवर्धन वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। जल संरक्षित रहा तभी भावी पीढ़ी का जीवन सुरक्षित होगा। जिले भर में जागरूकता अभियान चलाकर हर व्यक्ति को जल संरक्षण कार्य से जोड़ें। जिला शिक्षा अधिकारी एवं क्षेत्र संचालक अपर शिक्षा शिक्षण संस्थाओं में जल संरक्षण के संबंध में विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित कराएं। विद्यार्थियों का जलदूत के रूप में पंजीयन भी कराएं।

मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने कहा कि कार्यपालन यंत्री जल संसाधन सभी नहरों की साफ-सफाई का अभियान चलाएं। छोटे सिंचाई तालाबों में सुधार और सफाई का कार्य करें। वन विभाग वन क्षेत्र में छोटे तालाबों का निर्माण करने के साथ जल स्रोतों की साफ-सफाई का अभियान चलाएं। चेक डैम, परकुलेशन टैंक जैसी जल संरक्षण संरचनाओं का निर्माण कराएं। उप संचालक कृषि तथा सहायक संचालक उद्यानिकी किसान संगोष्ठी करके किसानों को जागरूक करें। साथ ही स्प्रिंकलर के उपयोग के लिए किसानों को जागरूक करें। कार्यपालन यंत्री पीएचई नलजल योजनाओं तथा हैण्डपंपों में रिचार्ज संरचना बनाने का अभियान चलाएं। गत वर्ष 10 हजार हैण्डपंपों में रिचार्ज सिस्टम बनाए गए थे। इनकी साफ-सफाई कराएं। जल गंगा संवर्धन अभियान में भी 10 हजार हैण्डपंपों में रिचार्ज सिस्टम बनाएं। सभी मुख्य नगर पालिका अधिकारी पक्के घरों में रैन हार्वेस्टिंग सिस्टम बनवाने के साथ नगरीय क्षेत्र के हैण्डपंपों में रिचार्ज सिस्टम बनवाएं।

बैठक में परियोजना अधिकारी मनरेगा शिव सोनी ने जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत विभिन्न विभागों द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। संभागीय समन्वयक जन अभियान परिषद प्रवीण पाठक ने बताया कि जन अभियान परिषद जिले भर में तीन हजार जलदूतों का पंजीयन कर रही है। जिले भर में 45 स्थानों में जल संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। साथ ही 45 जल स्रोतों की साफ-सफाई में सामूहिक रूप से श्रमदान कराया जा रहा है। नारा लेखन के माध्यम से लोगों को जल संरक्षण के प्रति जागरूक किया जा रहा है। बैठक में औद्योगिक इकाईयों में जल संरक्षण के कार्य के भी निर्देश दिए गए। बैठक में उप संचालक कृषि यूपी बागरी, महाप्रबंधक जिला उद्योग केन्द्र जेपी तिवारी, कार्यपालन यंत्री पीएचई संजय पाण्डेय, डीपीसी विनय मिश्रा, सहायक संचालक शिक्षा राजेश मिश्रा तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Facebook Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *