विकसित भारत का सपना स्वस्थ भारत से ही पूरा होगा – उप मुख्यमंत्री
विकसित भारत का सपना स्वस्थ भारत से ही पूरा होगा – उप मुख्यमंत्री
उप मुख्यमंत्री ने वार्ड क्रमांक 38 में संजीवनी क्लीनिक का किया भूमिपूजन
रीवा 27 मार्च 2025. उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने वार्ड क्रमांक 38 में चोपड़ा स्कूल परिसर में संजीवनी क्लीनिक भवन का भूमिपूजन किया। इसका निर्माण 25 लाख रुपए की लागत से किया जा रहा है। यह रीवा शहर का दसवां संजीवनी क्लीनिक है। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने कहा कि यहाँ संजीवनी क्लीनिक बन जाने से लगभग दो हजार परिवारों को प्राथमिक उपचार की सुविधा मिल जाएगी। देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने विकसित भारत का सपना देखा है। विकसित भारत का सपना स्वस्थ भारत से ही पूरा होगा। सरकारी अस्पतालों में हजार तरह की दवाएं तथा तीन सौ से अधिक जाँचों की नि:शुल्क सुविधा है। निरोगी काया अभियान के तहत मधुमेह, ब्लडप्रेशर, फैटीलीवर तथा कैंसर जैसे रोगों की नि:शुल्क जाँच की जा रही है। आमजनता इनका लाभ उठाकर अपने आप को स्वस्थ रखे। कैंसर का भी समय पर पता लग जाता है तो रोगी पूरी तरह से ठीक हो जाता है।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि रीवा तेजी से विकास कर रहा है। यहाँ की स्वास्थ्य सुविधाओं में निरंतर वृद्धि हो रही है। सुपर स्पेशलिटी हास्पिटल जबसे खुला है तब से नागपुर जाने वालों की संख्या आधी हो गई है। इस अस्पताल में कल ही दो किडनी ट्रांसप्लांट के सफल आपरेशन हुए हैं। एंजियोप्लास्टी, एंजियोग्राफी और ओपनहार्ट सर्जरी के आपरेशन भी हो रहे हैं। लगभग दो माह में कैंसर यूनिट भवन का निर्माण पूरा करके दो सौ बिस्तर का कैंसर अस्पताल शुरू हो रहा है। इसमें 60 लाख रुपए की लागत से लीनियर मशीन लगाई जाएगी जिसमें सभी तरह के कैंसर की जाँच हो सकेगी। संजय गांधी हास्पिटल में नए वार्ड के निर्माण तथा आधुनिक सुविधाओं के लिए 322 करोड़ रुपए की मंजूरी मिली है। सुपर स्पेशलिटी हास्पिटल में 15 करोड़ रुपए की लागत से नई एमआरआई मशीन तथा कैथलैब लगाई जा रही है। रीवा में उपचार की जो सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं उनसे आगामी 50 सालों की जरूरतें पूरी हो जाएंगी। इस अवसर पर नगर निगम के अध्यक्ष श्री व्यंकटेश पाण्डेय ने कहा कि उप मुख्यमंत्री जी के कार्यों से रीवा की नई पहचान बनी है। आज वार्ड 38 के निवासियों को संजीवनी क्लीनिक के रूप में सौगात मिल रही है। कार्यक्रम में मण्डल अध्यक्ष हेमलता सिंह, पार्षद नीलू कटारिया, पार्षद राजबहोर साकेत, पुष्पेन्द्र प्रताप सिंह, राजीव शर्मा, विवेक मिश्रा, साकेत बिहारी, कार्यपालन यंत्री नगर निगम राजेश सिंह, डॉ बीआर चौधरी तथा बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन अभिमन्यु सिंह ने किया।