जनकल्याण शिविर में आमजनता के आवेदनों में हो रही कार्यवाही

जनकल्याण शिविर में आमजनता के आवेदनों में हो रही कार्यवाही

रीवा 27 दिसम्बर 2024. जिले भर में मुख्यमंत्री जनकल्याण अभियान के तहत 15 दिसम्बर से 26 जनवरी तक शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इन शिविरों में हितग्राहियों को शासन की विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित करने के लिए आवेदन पत्र भरवाए जा रहे हैं। साथ ही आमजनता के आवेदनों का मौके पर निराकरण किया जा रहा है। जिले के सभी विकासखण्डों में शिविरों का लगातार आयोजन किया जा रहा है। इस संबंध में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती सपना त्रिपाठी ने बताया कि जनपद पंचायत गंगेव की ग्राम पंचायत रमपुरवा में 17 आवेदन पत्र दर्ज किए गए। इनमें 10 आवेदन पत्र विद्युत विभाग से संबंधित हैं। इन शिविरों में पात्र हितग्राहियों के आवेदन पत्र दर्ज कराकर उन्हें शासन की विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित किया गया। सिरमौर जनपद पंचायत की ग्राम पंचायत बदरांव तिवरियान में आयोजित शिविर में आमजनता से 77 और बदरांव गौतमान में आयोजित शिविर में 4 आवेदन पत्र प्राप्त हुए। शिविर में किसान सम्मान निधि, खाद्यान्न पर्ची, प्रधानमंत्री आवास योजना तथा आयुष्मान भारत योजना के आवेदन पत्र दर्ज किए गए। इनका संबंधित विभागों द्वारा निराकरण किया जा रहा है।

Facebook Comments Box