गढ़ में दीवार गिरने से चार बच्चों की दुखद मौत, दो घायल

गढ़ में दीवार गिरने से चार बच्चों की दुखद मौत, दो घायल
मुख्यमंत्री ने बच्चों की मौत पर दुख व्यक्त किया
मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख की सहायता राशि देने की घोषणा की

रीवा 03 अगस्त 2024. रीवा जिले के गढ़ कस्बे में एक निजी स्कूल में पढ़ रहे बच्चों की स्कूल के समीप दीवार गिरने से दबने की दुर्घटना में आठ बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें से चार बच्चों की दुखद मौत हो गई है। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने दीवार गिरने की दुर्घटना में मृत बच्चों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा है कि ईश्वर दिवंगत बच्चों की आत्मा को शांति प्रदान करे। दुर्घटना में घायलों को शीघ्र स्वस्थ करे। जिन परिवारों ने अपने मासूम बच्चों को खोया है उनके प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। दुर्घटना में मृत बच्चों के परिजनों को शासन की ओर से दो-दो लाख रुपए की आर्थिक सहायता दी जाएगी। दुर्घटना की सूचना मिलते ही विधायक मनगवां श्री नरेन्द्र प्रजापति, कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल तथा पुलिस अधीक्षक विवेक सिंह ने तत्काल दुर्घटना स्थल पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य कराया। मौके पर पुलिस अधिकारी, प्रशासनिक अधिकारी तथा बचाव दल तैनात है।

दुर्घटना के संबंध में एसडीएम मनगवां पीएस त्रिपाठी ने बताया कि बच्चे स्कूल से छुट्टी के बाद घर जा रहे थे। स्कूल से कुछ ही दूरी पर एक जर्जर कच्चे मकान की दीवार गिरने से 8 बच्चे दब गए। आसपास के ग्रामीणों तथा पुलिस ने तत्काल बच्चों को निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र गंगेव में भर्ती कराया। दुर्घटना में चार बच्चों की दुखद मौत हो गई है। इनमें अंशिका गुप्ता 5 वर्ष, मान्या गुप्ता 7 वर्ष, सिद्धार्थ गुप्ता 5 वर्ष तथा अनुज प्रजापति 5 वर्ष शामिल हैं। इस दुखद घटना में रक्षा गुप्ता तथा रानी प्रजापति गंभीर रूप से घायल हो गई हैं, जिनका उपचार किया जा रहा है। मौके पर जर्जर एक अन्य मकान को गिराने की कार्यवाही की जा रही है।

Facebook Comments Box

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *