जल गंगा संवर्धन अभियान में पुरानी जल संरचनाओं को किया जा रहा पुनर्जीवित

जल गंगा संवर्धन अभियान में पुरानी जल संरचनाओं को किया जा रहा पुनर्जीवित
कुओं, तालाबों, बावड़ियों तथा नदियों का किया जा रहा जीर्णोद्धार

रीवा 13 जून 2024. जल ही जीवन है के संदेश को चरितार्थ करने के लिए सभी को प्रयास करना चाहिए। जिससे मनुष्य के साथ सभी पशु-पक्षियों को भी पीने का पानी मुहैया हो एवं खेतों की सिंचाई हो सके। जिससे ग्रामीण जनों की जीवन सुगम और सुख-शांति से भरा हो। इसी उद्देश्य की पूर्ति के लिए शासन द्वारा जल के संरक्षण तथा संवर्धन के लिए 16 जून तक जल गंगा संवर्धन अभियान चलाया जा रहा है। यह अभियान विश्व पर्यावरण दिवस 5 जून से लगातार संचालित है। रीवा जिले में भी जल गंगा संवर्धन अभियान निरंतर संचालित किया जा रहा है। अभियान में ग्रामीण विकास विभाग, जन अभियान परिषद, स्वयंसेवी संस्थाओं तथा जन सहयोग से जल संरक्षण तथा संवर्धन के कार्य किए जा रहे हैं। इसी क्रम में नगर परिषद डभौरा अंतर्गत वार्ड क्रमांक 15 मे पनवार कुटी मे जल गंगा संवधर्न अभियान के तहत कुटी आश्रम के समीप नदी की सफाई कराई गई। साथ ही कलश यात्रा निकाल कर मन्दिर में कलश स्थापित किया गया।

इसी क्रम में विकासखण्ड त्योंथर के ग्राम पंचायत छदहना में अभियान के तहत कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विधायक त्योंथर श्री सिद्धार्थ तिवारी ने ग्रामीणों को जल गंगा संवर्धन अभियान के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने ग्रामीणों को विभिन्न जल संरचनाओं को साफ-सुथरा रखने एवं निर्बाध रूप से अविरल किए जाने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा जनता के कल्याण के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही है जिसमें जल गंगा संवर्धन अभियान भी एक अभिनव प्रयास है। अभियान के तहत सभी पुराने जल स्त्रोत तालाब, कुआं, बावड़ी तथा नदियों को साफ-सुथरा तथा गहरीकरण कर उन्हें पूर्व की भांति पुनर्जीवित किया जाना है। विधायक श्री तिवारी ने तालाब में श्रमदान कर ग्रामीणों को जल संरक्षण और संवर्धन के लिए प्रेरित किया। उन्होंने ग्रामीणों से कम से कम दो पौधे लगाने की अपील भी की।

नगर परिषद हनुमना में भी जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत वार्ड क्रमांक चार स्थित तालाब की साफ-सफाई का अभियान चलाया गया। मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री अरुण त्यागी के नेतृत्व में सफाई मित्रों द्वारा तालाब की साफ सफाई की गई। नगर परिषद सेमरिया में पुरानी जल संरचनाओं को चिन्हित कर उनकी साफ-सफाई एवं गहरीकरण का कार्य किया गया। इसी तरह ग्राम साभा गोपला तथा नगर परिषद गोविंदगढ़ में भी जल संवर्धन के कार्य किए गए।

Facebook Comments Box

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *