नि:शुल्क कैंसर शिविर से हजारों रोगियों को मिलेगी उपचार सुविधा – उप मुख्यमंत्री

नि:शुल्क कैंसर शिविर से हजारों रोगियों को मिलेगी उपचार सुविधा – उप मुख्यमंत्री
शीघ्र ही एक लाख लोगों की जाँच और उपचार के लिए लगेगा विशाल शिविर – उप मुख्यमंत्री
रीवा को विकसित के साथ स्वस्थ और खुशहाल बनाएंगे – उप मुख्यमंत्री

रीवा 16 फरवरी 2024. रीवा में 24 और 25 फरवरी को विशाल नि:शुल्क कैंसर जाँच एवं उपचार शिविर लगाया जा रहा है। इंदौर कैंसर फाउण्डेशन के सहयोग से आयोजित इस शिविर में मुख कैंसर तथा स्तन कैंसर रोगियों की जाँच एवं नि:शुल्क उपचार किया जाएगा। शिविर के संबंध में आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए उप मुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य तथा चिकित्सा शिक्षा मंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि नि:शुल्क कैंसर शिविर से हजारों रोगियों को जाँच और उपचार की सुविधा मिलेगी। प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र से लेकर जिला अस्पताल तक 19 फरवरी तक शिविर लगाए जा रहे हैं। अब तक रीवा संभाग में 57 हजार से अधिक लोगों की जाँच की गई है। इनमें से दो हजार से अधिक कैंसर रोगियों को चिन्हित किया गया है। रोगियों की पहचान के लिए लगाए जा रहे शिविरों में पहुंच कर आमजन अपनी जाँच कराएं। कैंसर रोग की पहचान के लिए कैंसर संकेत एप को अधिक से अधिक व्यक्तियों के मोबाइल पर डाउनलोड कराएं। इसके द्वारा पूछे गए प्रश्नों का उत्तर देकर कैंसर के प्रारंभिक लक्षणों की सरलता से जाँच की जा सकती है।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि विन्ध्य क्षेत्र में मुख कैंसर और स्तन कैंसर का बहुत अधिक प्रकोप है। कैंसर की प्रारंभिक अवस्था में पहचान हो जाने पर इसका पूरी तरह से उपचार संभव है। समय पर उपचार न होने पर कैंसर बहुत अधिक पीड़ादायक होता है। हम शिविरों के माध्यम से रोगियों की जाँच कराकर हजारों लोगों को इस पीड़ा से बचा सकते हैं। इंदौर कैंसर फाउण्डेशन बड़े सेवा भाव से रोगियों का उपचार करता है। जिला और संभाग में शिविर के लिए प्रशासनिक स्तर तथा डॉक्टरों की टीम द्वारा अच्छी तैयारी की जा रही है। रीवा के सेवाभाव से कार्य करने वाले बहुत ही सक्रिय सामाजिक संगठन और संस्थाएं भी इसमें सराहनीय योगदान दे रहे हैं। हम सब मिलकर यह प्रयास करें कि कैंसर की प्रारंभिक अवस्था में पहचान हो जाए और कोई भी रोगी दूसरी और तीसरी स्टेज में न पहुंचने पाए।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि रीवा में एक-दो माहों की तैयारी के बाद स्वयंसेवी संस्थाओं के सहयोग से विशाल स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया जाएगा। इसमें एक लाख से अधिक व्यक्तियों की नि:शुल्क जाँच और उपचार की सुविधा दी जाएगी। रीवा जिला तेजी से विकसित हो रहा है। विकसित रीवा के साथ-साथ हम स्वस्थ और खुशहाल रीवा बनाएंगे। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि शहर की रतहरा, निराला नगर, रानीतालाब जैसी बस्तियों में भी शिविर लगाकर कैंसर रोगियों की पहचान करें। बैठक में कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने कहा कि प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों में जो कैंसर रोगी चिन्हित किए गए हैं उनकी पुन: जाँच 18 फरवरी को की जाएगी तथा 19 फरवरी को जिला चिकित्सालय में रीवा शहर के रोगियों की जाँच के लिए शिविर लगेगा। रोगियों को 24 और 25 फरवरी को रीवा में लेकर आने तथा जाँच और उपचार के बाद वापस भेजने के लिए विकासखण्ड स्तर पर बसों की व्यवस्था की जाएगी। इंदौर कैंसर फाउण्डेशन की टीम को सहयोग देने के लिए संजय गांधी हास्पिटल, सुपर स्पेशलिटी हास्पिटल, जिला चिकित्सालय तथा मेडिकल कालेज की टीम तैनात रहेगी।
बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ संजीव शुक्ला ने कैंसर शिविर के लिए की गई तैयारियों की बिन्दुवार जानकारी दी। उन्होंने बताया रीवा जिले में 12 हजार 847 व्यक्तियों की जाँच की गई है। इनमें 647 व्यक्तियों में मुख कैंसर तथा 203 महिलाओं में स्तन कैंसर के प्रारंभिक लक्षण पाए गए हैं। रीवा में आयोजित शिविर में रीवा के साथ-साथ मऊगंज, सतना, मैहर, सीधी और सिंगरौली जिले के रोगियों को भी उपचार की सुविधा दी जाएगी। बैठक में डॉ सुनील अवस्थी ने कैंसर रोग की जाँच तथा पहचान के संबंध में प्रस्तुतिकरण दिया। बैठक में नगर निगम के अध्यक्ष श्री व्यंकटेश पाण्डेय, श्री राजेश पाण्डेय, पार्षदगण, आयुक्त नगर निगम श्रीमती संस्कृति जैन, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ सौरभ सोनवणे, नोडल अधिकारी सोनाली देव, सिविल सर्जन डॉ केपी गुप्ता, मेडिकल कालेज के डीन डॉ मनोज इंदुलकर तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों, धार्मिक संगठनों, एसोसिएशन, जन अभियान परिषद तथा स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Facebook Comments Box

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *