कलेक्टर ने प्रस्तावित आईटी पार्क निर्माण स्थल का किया निरीक्षण

रीवा 17 अगस्त 2023. रीवा में 30 करोड़ रुपए की लागत से आईटी पार्क का निर्माण प्रस्तावित है। इसके निर्माण के लिए कालेज चौराहा के समीप स्थान प्रस्तावित किया गया है। कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण किया। प्रस्तावित स्थल में वर्तमान में लोक स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के मेकेनिकल शाखा का कार्यालय संचालित है। मौके पर उपस्थित लोक निर्माण विभाग के अधिकारी को निर्देश देते हुए कलेक्टर ने कहा कि प्रस्तावित स्थल की माप करके पूरा विवरण प्रस्तुत करें। एसडीएम हुजूर प्रस्तावित भवन में संचालित कार्यालय को शिल्पी प्लाजा में स्थानांतरित करने की व्यवस्था करें। प्रस्तावित जमीन को आईटी पार्क निर्माण के लिए देने से पूर्व समस्त औपचारिकताएँ सुनिश्चित करें। मौके पर उपस्थित औद्यागिक विकास निगम के जिला प्रबंधक यूके तिवारी ने प्रस्तावित आईटी पार्क के निर्माण की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रस्तावित स्थल पर सरलता से आईटी पार्क का निर्माण हो सकेगा। इसके भूतल में पॉर्किंग की व्यवस्था रहेगी। आईटी पार्क के लिए 6 मंजिलों के भवन का निर्माण किया जाएगा। मौके पर एसडीएम हुजूर अनुराग तिवारी, तहसीलदार शिवशंकर शुक्ला, कार्यपालन यंत्री लोक निर्माण विभाग तथा अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Facebook Comments Box