स्वतंत्रता दिवस समारोह, रीवा में मुख्य अतिथि उप मुख्यमंत्री ने किया ध्वजारोहण

आजादी का पर्व : 80वें स्वतंत्रता दिवस पर शान से लहराया तिरंगा
स्वतंत्रता दिवस समारोह में मुख्य अतिथि उप मुख्यमंत्री ने किया ध्वजारोहण
बच्चों के रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ मनाया गया आजादी का जश्न
रीवा 15 अगस्त 2026. देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस रीवा जिले में हर्षोंल्लास, गरिमा और राष्ट्रभक्ति के माहौल में मनाया गया। जिले में आन-बान-शान से तिरंगा लहराया गया। मुख्य समारोह एसएएफ पुलिस परेड मैदान में आयोजित किया गया। समारोह में सबसे पहले राष्ट्रगीत वंदे मातरम का गायन किया गया। इसके बाद समारोह के मुख्य अतिथि उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। मुख्य अतिथि ने तीन रंग के मनोहारी गुब्बारों को हर्ष स्वरूप मुक्त गगन में छोड़ा। समारोह में सामूहिक राष्ट्रगान का गायन किया गया। समारोह में परेड कमाण्डर सुगम चतुर्वेदी के नेतृत्व में विशेष शस्त्र बल, जिला पुलिस बल एवं सैनिक स्कूल के दल सहित विभिन्न दलों ने पुलिस बैण्ड की मधुर धुन पर आकर्षक परेड की। मुख्य अतिथि ने परेड कमाण्डर और प्लाटून कमाण्डरों से परिचय प्राप्त किया। समारोह में जिले की विकास पुस्तिका का वितरण किया गया।
समारोह में मुख्यमंत्री जी के स्वतंत्रता दिवस संदेश का भोपाल से सजीव प्रसारण दिखाया गया। इसके बाद मुख्य अतिथि उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने जिले की उपलब्धियों और विकास कार्यों की जानकारी देते हुए आमजनता को स्वतंत्रता दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि अनमोल सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत समेटे हुए रीवा तेजी से विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। इस विकास का असली लाभ यहाँ की भावी पीढ़ी के युवाओं को मिलेगा। रीवा में एक वर्ष की अवधि में ही एयरपोर्ट की सौगात के साथ पाँच उड़ानों की भी सौगात मिल गई है।
इसके बाद समारोह में मुख्य अतिथि ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, वीर शहीदों के परिजनों तथा लोकतंत्र के प्रहरियों का पुष्पगुच्छ, शाल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मान किया। समारोह में चार स्कूलों के विद्यार्थियों ने देश भक्ति से ओतप्रोत तथा शासन की विकास योजनाओं को प्रदर्शित करने वाले गीतों और नृत्यों के साथ मनोहारी सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। इसके बाद मुख्य अतिथि ने विभिन्न क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। मुख्य समारोह के साथ-साथ सभी विकासखण्ड मुख्यालयों, नगरीय निकायों, ग्राम पंचायतों, शासकीय एवं अशासकीय शिक्षण संस्थानों एवं कार्यालयों में भी स्वतंत्रता दिवस समारोह पूर्वक मनाया गया।
समारोह में चार स्कूलों के विद्यार्थियों ने आकर्षक कार्यक्रम प्रस्तुत किये। बाल भारती स्कूल के विद्यार्थियों ने ओम नम: शिवाय और वीरों की गाथा के साथ मनोहारी लोक नृत्य प्रस्तुत किया। इसमें 1857 की क्रांति के वीरों को दर्शाया गया। इसके बाद गीतांजलि पब्लिक स्कूल ने हे मातृ भूमि भारत, हे कर्म भूमि भारत गीत के साथ महिला सशक्तिकरण तथा शासन की विभिन्न विकास योजनाओं को प्रदर्शित किया। समारोह में सेवियर पब्लिक स्कूल पहड़िया ने यही है हमारा प्यारा हिन्दुस्तान गीत के साथ आकर्षक लोक नृत्य प्रस्तुत किया। उन्होंने अपनी प्रस्तुति के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और विन्ध्य क्षेत्र की उपलब्धियों को प्रदर्शित किया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के अंत में सेक्रेड हार्ट स्कूल के विद्यार्थियों ने ए चला हम तोहका रीवा घुमा देई बघेली लोकगीत के साथ रोचक लोक नृत्य प्रस्तुत किया। इसमें हाइड्रो नमो रेल, पीएम किसान योजना, व्हाइट टाइगर सफारी तथा रीवा एयरपोर्ट को प्रदर्शित किया गया।
समारोह के समापन पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों तथा कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। समारोह में आयोजित सशस्त्र परेड में एसएएफ नवीं बटालियन को प्रथम, जिला पुलिस बल को द्वितीय तथा महिला बटालियन को तीसरा स्थान प्राप्त हुआ। बिना शस्त्र के परेड में एनसीसी सीनियर कन्या महाविद्यालय को प्रथम, एनसीसी सीनियर बालक को दूसरा तथा तीसरा स्थान टीआरएस कालेज कन्या सीनियर को प्राप्त हुआ। सैनिक स्कूल द्वारा प्रस्तुत परेड में वायु सेना को प्रथम, थल सेना को द्वितीय तथा कन्या दल को तीसरा स्थान मिला। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में बाल भारती स्कूल को प्रथम, सेवियर पब्लिक स्कूल पहड़िया को द्वितीय तथा सेक्रेड हार्ट और गीतांजलि पब्लिक स्कूल को संयुक्त रूप से तीसरा स्थान प्राप्त हुआ।
समारोह में सांसद श्री जनार्दन मिश्र, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नीता कोल, अध्यक्ष विनध्य विकास प्राधिकरण डॉ. पंचूलाल प्रजापति, अध्यक्ष नगर निगम श्री व्यंकटेश पाण्डेय, भाजपा जिलाध्यक्ष श्री वीरेन्द्र गुप्ता, कमिश्नर रीवा संभाग शीलेन्द्र सिंह, आईजी गौरव राजपूत, डीआईजी हेमंत चौहान, कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी, पुलिस अधीक्षक डॉ. गुरूकरण सिंह, आयुक्त नगर निगम अक्षत जैन, सीईओ जिला पंचायत मेहताब सिंह गुर्जर, अपर कलेक्टर श्रीमती सपना त्रिपाठी, एसडीएम हुजूर डॉ. अनुराग तिवारी, जन प्रतिनिधिगण, वीर शहीदों के परिजन, पार्षदगण, गणमान्य नागरिक तथा बड़ी संख्या में आमजन, विद्यार्थी तथा पत्रकारगण उपस्थित रहे।