ओवर ब्रिाज निर्माण के लिए 11 जनवरी से ट्रैफिक रहेगा परिवर्तित

रीवा 09 जनवरी 2023. सिरमौर चौराहे में बनाए गए युमना प्रसाद शास्त्री ओवर ब्रिाज में सुभाष चौक की ओर तीसरे लेग का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। इसमें सिरमौर चौराहा से सुभाष चौक तक ओवर ब्रिाज का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए 11 जनवरी से वाहनों के आवागमन मार्ग में परिवर्तन किया गया है। यूनिवर्सिटी से सिरमौर चौक आने वाले वाहनों से बस, आटो तथा सभी चार पहिया वाहन नीम चौराहा, बोदाबाग से लाडली लक्ष्मी मार्ग होते हुए गुप्ता पेट्रोल पंप अथवा कालेज चौराहा मार्ग में पहुंचेंगे। सुभाष चौक से दोपहिया वाहन, आटो तथा अन्य मध्यम वाहन सुभाष चौक से बोदाबाग रोड का उपयोग करके सुभाष चौक में बाएं दिशा से अंगूरी बिल्डिंग मार्ग होते हुए मुख्य पोस्ट आफिस के पास सिरमौर चौराहा में पहुंचेंगे।
इसी तरह सिरमौर चौक से यूनिवर्सिटी की ओर जाने वाले ट्रैफिक के मार्ग में भी परिवर्तन किया गया है। वाहन कालेज चौराहा, आकाशवाणी केन्द्र के बगल के मार्ग का उपयोग करके बोदाबाग-नीम चौराहा होते हुए स्टेडियम तिराहे पर पहुंचेंगे। आईजी आफिस के डावर्सन मार्ग का उपयोग करके समस्त आटो बोदाबाग-नीम चौराहा होते हुए स्टेडियम तिराहा पहुंचकर यूनिवर्सिटी की ओर जाएंगे। सभी वाहन चालकों से अनुरोध है कि 11 जनवरी से परिवर्तित मार्गों का उपयोग करके अपने गंतव्य पर जाएं।

Facebook Comments Box