स्वसहायता समूह की महिलाओं ने विकास का इतिहास रचा है – मुख्यमंत्री

रीवा 27 अक्टूबर 2022. मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से स्वसहायता समूह की महिलाओं को भाईदूज की बधाई दी। मुख्यमंत्री ने राजगढ़, मण्डला, शहडोल, देवास तथा रीवा की स्वसहायता समूह की महिलाओं से संवाद भी किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वसहायता समूह की महिलाओं ने आर्थिक विकास का नया इतिहास रचा है। घर गृहस्थी संभालने वाली बहनें सफलता के साथ आर्थिक गतिविधियाँ संचालित कर रही हैं। प्रदेश में गणवेश बनाने का कार्य महिला स्वसहायता समूहों को ही दिया जाएगा। बहनें थोड़े से विकास से संतुष्ट न हों बल्कि अपने व्यवसाय को विस्तार देने के लिए लगातार प्रयास करें। स्वसहायता समूह की महिलाएं बाजार में महिला स्वसहायता समूहों की सामग्री खरीदने को प्राथमिकता दें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि महिला स्वसहायता समूह तैयार की गई वस्तुओं में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखें। वस्तुओं में गुणवत्ता अच्छी होगी तभी बाजार में प्रतिस्पर्धा में टिकेंगी। मुख्यमंत्री से संवाद करते हुए रीवा की रेशमा बानो ने कहा कि आपकी कृपा से हमारे समूह का रोजगार तेजी से बढ़ा है। दीवाली के पांच दिनों में हमने एक लाख 15 हजार रुपए का व्यवसाय किया जिसमें से 55 हजार रुपए की सामग्री धनतेरस को बेंची। अब हमारे पास बर्तन तथा जूते चप्पल की दो अलग-अलग दुकानें हो गई हैं। मुख्यमंत्री ने रेशमा बानो को इस सफलता पर बधाई दी। कलेक्ट्रेट के एनआईसी केन्द्र से जिला पंचायत के सीईओ स्वप्निल वानखेड़े, जिला समन्वयक ग्रामीण आजीविका मिशन अजय सिंह तथा बड़ी संख्या में स्वसहायता समूह की महिलाएं उपस्थित रहीं।

Facebook Comments Box