कलेक्टर ने बच्चों के साथ मनाई दीवाली – दिया मिठाईयों और कैरियर मार्गदर्शन का उपहार
रीवा 23 अक्टूबर 2022. कोरोना के दो कठिन वर्षो में कई बच्चों ने अपने माता-पिता खो दिये। इन बच्चों ने अपने कठिन समय को पीछे छोड़ते हुए जीवन का मार्ग प्रशस्त किया है। कलेक्टर मनोज पुष्प ने कलेक्टर बंगले में आयोजित कार्यक्रम में कोरोना में अपने माता-पिता खो चुके बच्चों के साथ दीवाली मनाई। कलेक्टर ने बच्चों से संवाद करते हुए कहा कि कठिन समय बीत गया है अपने भविष्य के लिए तैयारियां करें। जिन बच्चों ने कक्षा 10वीं और 12वीं की परीक्षा पास कर ली है वे अपने सही कैरियर का चुनाव करके उसके लिए कठिन परिश्रम करें। कोचिंग की यदि व्यवस्था नहीं हो रही है तो ऑनलाइन सभी तरह की पठन-पाठन सामग्री उपलब्ध है। इसका उपयोग करके प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करें। आपको हर संभव सहायता दी जायेगी। कलेक्टर ने सभी बच्चों को दीपावली की शुभकामनाएं दी। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी स्वप्निल वानखेड़े ने भी बच्चों से संवाद करते हुए उन्हें कैरियर सवांरने के लिए महत्वपूर्ण सलाह दी। पुलिस अधीक्षक नवनीत भसीन ने भी बच्चों से संवाद करके उन्हें सुरक्षा, यातायात नियमों का पालन करने तथा अच्छे कैरियर के संबंध में सलाह दी। कलेक्टर तथा उनके परिवार के सदस्यों एवं अन्य अधिकारियों ने बच्चों के साथ कई मनोरंजन खेलों में भाग लिया। कार्यक्रम में एसडीएम अनुराग तिवारी, तहसीलदार आरपी त्रिपाठी, नायब तहसीलदार यतीश शुक्ला तथा सहायक संचालक महिला एवं बाल विकास आशीष द्विवेदी एवं बड़ी संख्या में बच्चे उपस्थित रहे।