कलेक्टर ने नगर गौरव दिवस के संबंध में की पत्रकारों से चर्चा

रीवा जिले में कृषि आधारित उद्योगों में होगा निवेश – कलेक्टर
ऐतिहासिक विरासत तथा आर्थिक विकास के आयाम नगर गौरव में शामिल हैं – कलेक्टर

रीवा 23 सितंबर 2022. कलेक्ट्रेट के मोहन सभागार में पत्रकारवार्ता का आयोजन किया गया। पत्रकार वार्ता में कलेक्टर मनोज पुष्प ने रीवा नगर गौरव दिवस के कार्यक्रमों के संबंध में चर्चा की। कलेक्टर ने कहा कि रीवा ऐतिहासिक नगर है। शिक्षा, साहित्य, कला और अन्य क्षेत्रों की अनेक उपलब्धियाँ हैं। नगर के इतिहास की जानकारी नई पीढ़ी को होना आवश्यक है। यहाँ की लोक कला, लोक संस्कृति, व्यंजन तथा परंपरागत खेल भी नई पीढ़ी तक पहुंचनी चाहिए। इसके लिए रीवा नगर गौरव दिवस के आयोजन छोटी सी पहल है। प्रदेश के हर शहर और हर गांव का गौरव दिवस मनाया जा रहा है। इस क्रम में 15 सितम्बर से 25 सितम्बर तक रीवा नगर गौरव दिवस मनाया जा रहा है। इसके सिलसिले में विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गई हैं। राजकपूर ऑडिटोरियम में 24 सितम्बर को शाम 6 बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इसी तरह 25 सितम्बर को शाम में कत्थक तथा कबीर वाणी के राष्ट्रीय स्तर के कलाकार अपनी प्रस्तुति देंगे। नगर गौरव दिवस में महामृत्युंजय मंदिर, चिरहुला मंदिर तथा लक्ष्मणबाग मंदिर परिसर में भी कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं। चिरहुला मंदिर में 24 सितम्बर को दीप जलाने का कार्यक्रम आयोजित किया गया है। हर व्यक्ति अपने पूर्वजों को याद करते हुए पांच दीपक जला सकता है।
कलेक्टर ने कहा कि गौरवशाली इतिहास को याद रखने के साथ हमें भविष्य को भी स्वर्णिम बनाना है। इतिहास की धरोहर को सहेजने के साथ आर्थिक विकास के प्रयास नगर गौरव के प्रमुख आयाम हैं। जिले में कृषि आधारित उद्योगों में निवेश की अच्छी संभावना है। इसके लिए इन्वेस्टर्स मीट आयोजित की गई जिसमें प्रयागराज, सिंगरौली, बनारस, सतना आदि के उद्योगपतियों ने अच्छे प्रस्ताव दिए हैं। जिले में घूमा में शीघ्र ही नया औद्योगिक विकास क्षेत्र शुरू होने जा रहा है। कलेक्टर ने बताया कि फूड क्रॉफ्ट संस्था में बघेली व्यंजनों का मेला लगाया जाएगा। नगर गौरव दिवस में सभी स्कूलों में शिक्षक सम्मान समारोह आयोजित किए गए। इसके साथ-साथ विद्यार्थियों की कविता लेखन, कहानी तथा चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई। पत्रकार वार्ता में सुपारी के खिलौनों की कला के विकास तथा व्यंकट भवन को सुसज्ज्ति करने का सुझाव दिया गया। पत्रकार वार्ता में पुलिस अधीक्षक नवनीत भसीन, आयुक्त नगर निगम मृणाल मीणा तथा बड़ी संख्या में पत्रकारणगण उपस्थित रहे।

Facebook Comments Box

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *