पूर्व मंत्री श्री शुक्ल तथा कलेक्टर रीवा शिव बारात में हुए शामिल, नगर में परंपरागत रूप से निकाली गई शिव बारात

रीवा 01 मार्च 2022. महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर भगवान महादेव की भव्य बारात का आयोजन किया गया। बारात प्रात: बैजू धर्मशाला से शुरू हुई। इस अवसर पर पूर्व मंत्री एवं विधायक श्री राजेन्द्र शुक्ल तथा कलेक्टर मनोज पुष्प ने भगवान भोलेनाथ की पूजा-अर्चना की। कार्यक्रम का आयोजन शिव बारात समिति द्वारा किया गया। इस अवसर पर प्रशासनिक अमले के साथ आयोजन समिति के सदस्य एवं भक्तजन उपस्थित रहे।

शिवरात्रि के अवसर पर भोले बाबा की बरात बहुत ही धूमधाम से निकाली गई। भोले बाबा की बारात रीवा शहर के बैजू धर्मशाला से निकली जो नगर का भ्रमण करते हुए व्यंकट मार्ग, खन्ना चौराहा, सांई मंदिर, शिल्पी प्लाजा, प्रकाश चौक होते हुए पचमठा मंदिर पहुंची। महाशिवरात्रि पर्व की धूम रही और भक्तों द्वारा शिव पार्वती की सजीव झांकी जहां निकाली गई। बारात का भक्तों द्वारा जगह-जगह पर स्वागत किया गया। पचमठा मंदिर में वैदिक रीति से भगवान शिव और माता पार्वती का विवाह संपन्न कराया गया। इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए।

Facebook Comments Box