होम आइसोलेशन के रोगियों के लिये वरदान साबित हो रहा है जेपी नगर में स्थापित कोविड केयर सेंटर

घर जैसे माहौल में मिल रही हैं रोगियों को उपचार सुविधायें

रीवा 17 मई 2021. जिले में कोरोना पीडि़त रोगियों के उपचार के लिये बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के लगातार प्रयास जारी हैं। कम संक्रमित मरीजों का होम आइसोलेशन में उपचार किया जा रहा है। जिन रोगियों के घरों में होम आइसोलेशन की सुविधा नहीं है उनके लिये कोविड केयर सेंटर बनाये गये हैं। जिला प्रशासन, जेपी संस्थान व सामाजिक संस्था नागरिक मंच के सहयोग से जेपी नगर में 400 बिस्तरों का कोविड केयर सेंटर बनाया गया है। यह सेंटर होम आइसोलेशन रोगियों के लिये वरदान साबित हो रहा है, जहाँ उन्हें भोजन, चाय, नाश्ता, पानी तथा दवाइयों की व्यवस्था है। इस केन्द्र में रोगियों को घर जैसे उपचार की सुविधायें मिल रही हैं।
पूर्व मंत्री एवं रीवा विधायक श्री राजेन्द्र शुक्ल के मार्गदर्शन में तथा सेमरिया विधायक श्री केपी त्रिपाठी के प्रयासों से स्थापित संकट काल में सेवा, सहयोग की यह अनुपम मिशाल अच्छे माहौल में कम संक्रमित मरीजों के लिये सौगात है, जहाँ से मरीज जल्दी स्वस्थ होकर अपने घर जा सकेंगे। कोविड केयर सेंटर में मरीजों को इलाज के लिये चिकित्सक व पैरामेडिकल स्टाफ पूरे समय मुस्तैद रहता है। समय-समय पर चाय, नाश्ता, गरम पानी, भाप, खाना के साथ मनोरंजन के लिये टीव्ही, चेस, कैरम, लूडो आदि की व्यवस्था भी कोविड केयर सेंटर में की गई है। मरीजों को योग एवं प्राणायाम भी प्रशिक्षकों द्वारा कराया जा रहा है।
नागरिक मंच द्वारा जन सुविधा के लिये काल सेंटर भी बनाया गया है, जिसमें मो. न. 8602099250 एवं 8602003250 पर 24 घंटे संपर्क किया जा सकता है।

Facebook Comments Box