छुहिया घाटी में सड़क सुधार का कार्य शीघ्र होगा शुरू – प्रबंध संचालक श्री शुक्ल

मुख्यमंत्री जी के निर्देश पर तत्परता से कार्यवाही शुरू – सुधरेगी छुहिया घाटी सड़क

रीवा 18 फरवरी 2021. मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने गत दिवस सीधी में बस दुर्घटना के कारणों तथा राहत एवं बचाव कार्य की समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को छुहिया घाटी की सड़क का तत्काल सुधार कराने तथा घाटी के कठिन मोड़ों को ठीक करने के लिये दीर्घकालीन योजना बनाने के निर्देश दिये। इस संबंध में तत्परता से कार्यवाही की गई। मध्यप्रदेश सड़क विकास निगम के प्रबंध संचालक श्रीमन शुक्ला ने तकनीकी अधिकारियों के साथ छुहिया घाटी का निरीक्षण किया। उन्होंने वन विभाग के रेस्ट हाउस में अधिकारियों के साथ सड़क सुधार के संबंध में चर्चा की।
बैठक में प्रबंध संचालक ने कहा कि छुहिया घाटी में सड़क सुधार का कार्य दो-तीन दिनों में शुरू कर दिया जायेगा। इसके कठिन मोडों को सुधारने के लिये सर्वेक्षण करके तकनीकी अधिकारी पूरी कार्य योजना तैयार करेंगे। घाटी में भारी वाहनों के आवागमन दबाव को कम करने के लिये वैकप्लिक सड़कों को भी उन्नत करने की भी कार्यवाही की जायेगी। छुहिया घाटी में वाहनों का जाम न लगे इसके लिये भी प्रबंध किये जायेंगे। बैठक में कलेक्टर सीधी श्री रवीन्द्र चौधरी ने छुहिया घाटी में आवागमन के संबंध में सुझाव दिये। बैठक में कलेक्टर रीवा डॉ. इलैयाराजा टी, डीआईजी अनिल सिंह कुशवाह, पुलिस अधीक्षक सीधी पकंज कुमावत, पुलिस अधीक्षक रीवा राकेश कुमार सिंह, एमपीआरडीसी के संभागीय प्रबंधक डीके स्वर्णकार एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Facebook Comments Box

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *