रिवर फ्रंट के साथ मुक्तिधाम का विकास किया जायेगा – पूर्व मंत्री श्री शुक्ल

मुक्तिधाम में अंतिम संस्कार के लिए नगर निगम तत्काल चबूतरा निर्माण कराये – कमिश्नर
रीवा 03 जनवरी 2021. बीहर रिवर फ्रंट के निर्माण के साथ इसके किनारे स्थित धार्मिक स्थलों तथा सार्वजनिक स्थलों का चहुमुखी विकास किया जायेगा। इस उद्देश्य से बंदरिया मुक्तिधाम में पूर्व मंत्री एवं विधायक रीवा श्री राजेन्द्र शुक्ला, रीवा संभाग के कमिश्नर राजेश कुमार जैन तथा कलेक्टर डॉ. इलैयाराजा टी ने गणमान्य नागरिकों एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों से चर्चा की। इस अवसर पर श्री शुक्ल ने कहा कि बीहर रिवर फ्रंट के साथ इसके किनारे स्थित सभी प्रमुख धार्मिक स्थलों तथा सार्वजनिक स्थलों का विकास किया जायेगा। बाबाघाट, विश्वकर्मा मंदिर, पचमठा क्षेत्र, ईदगाह तथा बंदरिया मुक्तिधाम का विकास किया जायेगा। रिवर फ्रंट इन स्थलों के लिए वरदान सावित होगा। बंदरिया मुक्तिधाम में अंतिम संस्कार से जुड़ी व्यवस्थाओं, शेड निर्माण, सुरक्षा व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था एवं सौन्द्रर्यीकरण को शामिल करते हुए विस्तृत कार्ययोजना तैयार करें। मुक्तिधाम का सर्वागीण विकास किया जायेगा।
विधायक श्री शुक्ल ने कहा कि नगर निगम मुक्तिधाम की व्यवस्थाओं को बेहतर करने का प्रयास करें। सामाजिक संगठन, माता का दरबार सेवा समिति ने बंदरिया मुक्तिधाम में शेड निर्माण, चबूतरा निर्माण तथा नियमित साफ-सफाई का सराहनीय कार्य किया है। सेवाभाव से काम करने वाले सामाजिक संगठन रीवा की बहुत बड़ी शक्ति हैं। उन्होंने कहा कि जनहित के सभी कार्य प्राथमिकता से किये जायेंगे। उन्होंने खन्ना चौराहे में आवागमन में बाधा बन रहे हैण्डपंप को हटाकर सड़क को चौड़ा करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि बंदरिया मुक्तिधाम के विकास के साथ-साथ रतहरा तथा ढेकहा में नये मुक्तिधामों का शीघ्र निर्माण कराया जायेगा। जिससे इस क्षेत्र के लोगों को सम्मान जनक तरीके से अंतिम संस्कार की सुविधा मिले।
कार्यक्रम में कमिश्नर ने कहा कि हर व्यक्ति को जीवन के अंत के बाद मुक्तिधाम आना है। हर अंतिम संस्कार स्थल का सुविधाजनक एवं साफ-सुथरा होना आवश्यक है। नगर निगम के अधिकारी मुक्तिधाम में अंतिम संस्कार के लिए तत्काल चार चबूतरों का निर्माण करायें। मुक्तिधाम की साफ-सफाई भी तत्काल करें। यहां साफ-सफाई के लिए नियमित कर्मचारी तैनात करें। मुक्तधाम में प्रकाश तथा सुरक्षा की भी व्यवस्था करायें। मुक्तिधाम में सामाजिक संस्था सेवा का पुनीत कार्य कर रही है। इसके लिए संस्था के पदाधिकारियों को बहुत-बहुत बधाई। कार्यक्रम में कलेक्टर ने कहा कि मुक्तिधाम ऐसा स्थान है जहां सेवा कार्य के लिए सामान्य रूप से कोई भी व्यक्ति अथवा संस्था आसानी से तैयार नहीं होती है। माता का दरबार समिति ने मुक्तिधाम में सेवा कार्य करके सराहनीय कार्य किया है। बंदरिया मुक्तिधाम में सभी आवश्यक व्यवस्थायें की जायेंगी जिससे सम्मान जनक ढंग से अंतिम संस्कार संपन्न हो सकें। इसके लिए अलग से प्रोजेक्ट बनाया जा रहा है। रिवर फ्रंट के माध्यम से भी इसके विकास के प्रयास किये जायेंगे।
खाद्य अधिकारी की स्मृति में रोपे गये पौधे:- पूर्व मंत्री श्री शुक्ल, कमिश्नर श्री जैन तथा कलेक्टर ने कुछ माह पूर्व दिवंगत हुये रीवा के तत्कालीन खाद्य अधिकारी राजेन्द्र सिंह ठाकुर की स्मृति में मुक्तिधाम में पौधे रोपित किये। इन पौधों का रख-रखाव स्वयंसेवी संस्था द्वारा किया जायेगा। इसके बाद पूर्व मंत्री श्री शुक्ल ने अधिकारियों के साथ बंदरिया मुक्तिधाम का भ्रमण करके वहा आवश्यक व्यवस्थायें सुनिश्चित करने के लिए चर्चा की। कार्यक्रम में पूर्व महापौर वीरेन्द्र गुप्ता, एसडीएम फरहीन खान, अधीक्षण यंत्री नगर निगम शैलेन्द्र शुक्ला, कार्यपालन यंत्री एसके चतुर्वेदी तथा बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Facebook Comments Box

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *