कमिश्नर ने प्राचार्य को दिया दो वेतन वृद्धियां रोकने का नोटिस

रीवा 15 अक्टूबर 2020. रीवा संभाग के कमिश्नर राजेश कुमार जैन ने सतना जिले के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय महुडर के प्रभारी प्राचार्य राजकुमार पाण्डेय को दो वार्षिक वेतन वृद्धियां असंचयी प्रभाव से रोकने का नोटिस दिया है। श्री पाण्डेय विधानसभा निर्वाचन वर्ष 2018 में सतना विधानसभा क्षेत्र के मतदान केन्द्र क्रमांक 55 शासकीय हाई स्कूल बगहा में पीठासीन अधिकारी के रूप में तैनात थे।  पाण्डेय द्वारा मतदान केन्द्र का निरीक्षण कर रहे तत्कालीन आयुक्त नगर निगम सतना  प्रवीण सिंह अढ़ाइच के साथ अभद्रता की गई। मतदाताओं को अपनी पहचान के लिये निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित पहचान पत्र प्रस्तुत करने के संबंध में भी  पाण्डेय ने मतदाताओं से अभद्रता की। इस संबंध में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सतना द्वारा दिये गये प्रतिवेदन के आधार पर कमिश्नर ने प्राचार्य महुडर  पाण्डेय को नोटिस दिया है। यह नोटिस मध्यप्रदेश सिविल सेवा वर्गीकरण नियंत्रण तथा अपील नियम 1966 के तहत दिया गया है। नोटिस का दस दिनों की समय सीमा में संतोषजनक उत्तर प्राप्त न होने पर एक पक्षीय कार्यवाही की जायेगी।

Facebook Comments Box