नि:शक्तजनों को बाधारहित वातावरण उपलब्ध कराने हेतु बनाये जायें रैम्प – आयुक्त नि:शक्तजन

रीवा 26 जून 2019. नि:शक्तजन आयुक्त संदीप रजक ने सामाजिक न्याय विभाग की प्रगति की कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान कहा कि समस्त शासकीय भवनों में नि:शक्तजनों को बाधारहित वातावरण उपलब्ध कराने हेतु रैम्प बनवाये जायें। उन्होंने कहा कि नि:शक्तजनों को यूडीआईडी कार्ड उपलब्ध कराने के लिए नि:शक्त पुनर्वास केन्द्र में प्रत्येक सोमवार को विशेष शिविर आयोजित किया जाय।
आयुक्त ने कहा कि नि:शक्तजनों को बसों में सीट आरक्षण एवं किराये में 50 प्रतिशत छूट प्रदान करने के लिए सभी बस मालिकों को निर्देश जारी किये जायें। उन्होंने कहा कि शासकीय सेवा में 6 प्रतिशत आरक्षण प्रदान किया जाय।
बैठक में सामाजिक न्याय विभाग की संयुक्त संचालक श्रीमती सुचिता तिर्की बेक, जिला परियोजना अधिकारी, जिला महिला एवं बाल विकास विभाग की जिला कार्यक्रम अधिकारी, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, सिविल सर्जन, आदिम जाति कल्याण विभाग के जिला संयोजक एवं जनपद पंचायत के सीईओ उपस्थित थे।

Facebook Comments Box