भारत म्‍यामांर को रेल डीजल इंजन निर्यात करेगा

suresh prabhu

भारत, म्‍यामांर रेलवे की यात्री और मालभाड़े की बढ़ती आवश्‍यकताओं को पूरा करने के लिए 18 मीटरगेज 1350 डीजल इलेक्ट्रिक इंजन प्रदान करेगा। 4 मार्च, 2016 को नाएप्‍यीडॉ, म्‍यामांर में रेल मंत्रालय के सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम राईट्स लिमिटेड के निदेशक (तकनीकी) श्री एस.बी. मलिक और म्‍यामांर रेलवे के कार्यकारी निदेशक श्री यू. थ्युरिन ने इस संबंध में एक समझौते पर हस्‍ताक्षर किये। इस अवसर पर म्‍यामांर के रेल परिवहन मंत्री श्री यू त्‍यान तुन आंग और म्‍यांमार में भारत के राजदूत गौतम मुखोपाध्‍याय भी उपस्थित थे।

समझौते के अंतर्गत इन डीजल इंजनों का निर्माण वाराणसी स्थित लोकोमोटिव संयंत्र में किया जाएगा और ये इंजन कई आधुनिक सुविधाएं जैसे माइक्रो प्रोसेसर नियंत्रण, ईंधन दक्ष इंजन और और उत्तम डिजाइन आदि से युक्‍त होंगे।

इस अवसर पर अपने संबोधन में श्री राजीव मल्‍होत्रा ने कहा कि राइट्स रेल उत्‍पादन इकाइयों द्वारा निर्यात बढ़ाने के लिए सभी प्रयास कर रहा है और इस संबंध में पश्चिमी-पूर्वी एशिया बाजार में उत्‍साहवर्धक प्रतिक्रिया रही है।

Facebook Comments Box