270 करोड़ रूपये में बनेगा दिव्य मैहर – शिवराज सिंह चौहान

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि मैहर को देश का सबसे अच्छा और सबसे सुन्दर तीर्थ स्थल बनाया जायेगा। मैहर के अधोसंरचना विकास, सौन्दर्यीकरण, नागरिक सेवाओं और आस-पास के महत्वपूर्ण धार्मिक पुरातत्व और पर्यटन महत्व के स्थलों के विकास को शामिल कर मैहर की मिनी स्मार्ट सिटी की 270 करोड रूपये की कार्य-योजना प्रारंभ की जा रही है। मुख्यमंत्री श्री चौहान मैहर स्टेडियम मे आयोजित विशाल जनसभा में मिनी स्मार्ट सिटी की कार्ययोजना के शुभारंभ कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने इस अवसर पर कहा कि पिछले वर्ष जून माह में मैहर के विकास की 103 घोषणाएँ की गई थीं जिनमें से 79 पूरी हो गई हैं और शेष सभी घोषणाएँ भी पूरी की जायेंगी। उन्होंने कहा कि मैहर क्षेत्र के किसानों के लिये सिंचाई की योजना भी स्वीकृत कर दी गई है। इसका शुभारंभ दीवाली के आसपास किया जायेगा। झुकेही से सरलानगर की सड़क भी शीघ्र स्वीकृत की जायेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों को फसल की पैदावार का लाभकारी मूल्य दिलाया जायेगा। फसलों के दाम कम होने पर भी बाजार के बिक्री रेट और समर्थन मूल्य के बीच के अंतर की राशि किसानों के खाते में दी जायेगी। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही कृषि मूल्य लागत आयोग भी बनाया जायेगा।

श्री चौहान ने कहा कि प्रदेश मे ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में 15 लाख गरीबों के मकान इसी साल बनाने के प्रयास किये जायेंगे। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर मिनी स्मार्ट सिटी की योजना दिव्य मैहर की कार्ययोजना पुस्तिका का अनावरण किया। इस मौके पर दिव्य मैहर संबंधी 6 मिनट की फिल्म का प्रदर्शन भी किया गया। सांसद श्री गणेश सिंह ने सतना को स्मार्ट सिटी बनाने और मैहर को देश की पहली मिनी स्मार्ट सिटी बनाने के लिये मुख्यमंत्री का नागरिक अभिनंदन किया।

Facebook Comments Box

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *