भोपाल दुनिया में स्मार्ट सिटी का मापदंड बनेगा

स्मार्ट सिटी प्लान द्वितीय वर्षगाँठ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री चौहान

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि दुनिया में स्मार्ट सिटी का मापदंड भोपाल स्थापित करेगा। शहर में इसकी पूरी क्षमता और दक्षता मौजूद है। उन्होंने कहा कि नागरिकों ने क्लीन सिटी भोपाल बनाने का जो संकल्प लिया था, सफलतापूर्वक पूरा कर दिखाया है। आज भोपाल देश का दूसरा सबसे स्वच्छ नगर है। श्री चौहान आज स्मार्ट सिटी प्लान की दूसरी वर्षगाँठ पर कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि मानवीय संवेदनाओं के साथ स्मार्ट सिटी की व्यवस्थाएँ हों। स्मार्ट व्यवस्थाओं से गरीब का जीवन और पर्यावरण बेहतर हो। झोपड़ी में रहने वाले आवास में रहें। ऐसे प्रयास किये जा रहे हैं। उन्होंने निर्देशित किया कि स्मार्ट सिटी के सभी प्रतीक चिन्ह हिन्दी में भी हों। स्थानीय प्रजातियों के पेड़ लगाये जायें ताकि पर्यावरण में ऑक्सीजन की उपलब्धता बेहतर हो। भावी-पीढ़ी को स्वच्छ पर्यावरण मिले। इसके सभी आवश्यक प्रयास किये जायें।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने साइकिल ट्रेक बनाने के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि साइकिलिंग से जहाँ एक ओर सेहत बनती है, वहीं पर्यावरण प्रदूषण में भी भारी कमी आती है। उन्होंने गाड़ियों की बढ़ती संख्या को नियंत्रित करने की जरूरत बतायी। एक से अधिक गाड़ी रखने वालों पर वित्तीय भार बढ़ाने के विचार पर चिंतन का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि भोपाल को क्लीन, ग्रीन, हेल्दी हाईटेक और ग्लोबल सिटी बनाने का जो संकल्प लिया गया था, उस दिशा में भोपाल नगर निगम तेजी से कार्य करके दिखा रहा है। स्मार्ट व्यवस्थाओं में गरीबों की बेहतरी के कार्यों के लिये नगर निगम के प्रयासों का अभिनंदन करते हुए निगम की टीम को बधाईयाँ दी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश हर क्षेत्र में प्रगति और विकास कर रहा है। नगरीय विकास में प्रदेश देश में अव्वल है। देश की सौ स्मार्ट सिटी में 22 शहर राज्य के हैं। मध्यप्रदेश का कृषि उत्पादन देश में सर्वाधिक है। प्याज का उत्पादन 32 लाख मेट्रिक टन हुआ है। उन्होंने स्मार्ट सिटी प्लान के प्रारूप को अदभुत बताते हुए कार्य की तेज गति को बनाये रखने की जरूरत बतायी। प्रारंभ में स्मार्ट सिटी भोपाल के जी.आई.एस. पोर्टल, स्मार्ट पोल और स्मार्ट साइकिलिंग सुविधाओं का उन्होंने लोकार्पण किया। श्री चौहान ने कहा कि शीघ्र ही वे भी साइकिलिंग सुविधाओं का उपयोग करेंगे।

नगर निगम आयुक्त श्रीमती छवि भारद्वाज ने बताया कि भोपाल स्मार्ट सिटी में तात्या टोपे नगर पुनर्विकास प्लान की दूसरी वर्षगाँठ मनाई जा रही है। उन्होंने स्मार्ट सिटी भोपाल के कुल 342 एकड़ क्षेत्रफल कार्यरूप के आकल्पन की प्रस्तुति दी। कार्यक्रम में लघु चल-चित्र का प्रदर्शन भी किया गया।

कार्यक्रम में नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्रीमती माया सिंह, महापौर श्री आलोक शर्मा, सांसद श्री आलोक संजर, विधायक श्री सुरेंद्र नाथ सिंह, विधायक श्री विष्णु खत्री, निगम के अध्यक्ष  डॉक्टर सुरजीत सिंह चौहान, नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष डॉक्टर हितेश वाजपेई, भोपाल विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री ओम यादव, प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष श्री बृजेश लुणावत, भोपाल स्मार्ट सिटी डेव्लपमेंट कार्पोरेशन के चेयरमेन कलेक्टर श्री सुदामा खाड़े, जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, नगर निगम के पदाधिकारी, अधिकारी उपस्थित थे

Facebook Comments Box

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *