आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन में उत्कृष्ट कार्य करने वाले संस्थानों को किया सम्मानित

डिजिटल सेवाओं से अंतिम छोर के व्यक्ति तक पहुंचेगी उन्नत स्वास्थ्य सेवा – उप मुख्यमंत्री
आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन में उत्कृष्ट कार्य करने वाले संस्थानों को किया सम्मानित

रीवा 25 अगस्त 2026. उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं के माध्यम से प्रदेश के अंतिम छोर के व्यक्ति तक गुणवत्तापूर्ण एवं उन्नत स्वास्थ्य सेवाओं की सहज पहुंच सुनिश्चित करना सरकार का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन की डिजिटल व्यवस्थाओं से नागरिकों को बेहतर, पारदर्शी और सुगम स्वास्थ्य सेवाएं मिलेंगी। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल कुशाभाऊ ठाकरे अंतर्राष्ट्रीय कन्वेंशन सेंटर भोपाल में आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के अंतर्गत मॉडल जिला एवं मॉडल स्वास्थ्य संस्था पहल की राज्य स्तरीय कार्यशाला को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने विभागीय अधिकारियों एवं स्वास्थ्य संस्थाओं के प्रतिनिधियों से कहा कि चयनित मॉडल जिलों एवं मॉडल स्वास्थ्य संस्थाओं में डिजिटल स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को प्रभावी रूप से लागू करें और यहां विकसित होने वाली श्रेष्ठ कार्यप्रणालियों को प्रदेश की अन्य स्वास्थ्य संस्थाओं तक पहुंचाएं। डिजिटल स्वास्थ्य अभिलेखों के शत-प्रतिशत उपयोग, स्वास्थ्य सेवाओं में तकनीक के प्रभावी समावेश और नागरिक-केंद्रित सेवा व्यवस्था को प्राथमिकता दें। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि मॉडल जिला एवं मॉडल स्वास्थ्य संस्था पहल को केवल तकनीकी परियोजना के रूप में न लें, बल्कि इसे स्वास्थ्य सेवाओं में व्यापक बदलाव के अभियान के रूप में आगे बढ़ाएं। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त बनाने के लिए टेलीमेडिसिन का अधिक प्रभावी उपयोग करें। उन्होंने कहा कि सरकार आईपीएचएस-12 मानकों के अनुसार पद सृजन, आवश्यक भर्ती के लिए नियमित फॉलोअप और स्वास्थ्य संस्थाओं में आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने की दिशा में कार्य कर रही है।
कार्यक्रम में आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन में उत्कृष्ट कार्य करने वाले जिलों एवं स्वास्थ्य संस्थानों को उप मुख्यमंत्री ने सम्मानित किया। आभा आईडी निर्माण में जबलपुर, ग्वालियर, इंदौर एवं सतना को सम्मानित किया गया। टोकन जनरेशन में उत्कृष्ट कार्य के लिए जिला चिकित्सालय भोपाल एवं इंडेक्स मेडिकल कॉलेज एवं हॉस्पिटल, इंदौर तथा स्वास्थ्य अभिलेख फाइलिंग में उत्कृष्ट कार्य के लिए जिला चिकित्सालय जबलपुर एवं एम्स भोपाल को सम्मानित किया गया। उप मुख्यमंत्री ने सभी को आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के प्रभावी उपयोग के लिए संकल्प दिलाया। लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा राज्य मंत्री श्री नरेन्द्र शिवाजी पटेल ने कहा कि डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं को स्वास्थ्य व्यवस्था की कार्यप्रणाली का प्रभावी हिस्सा बनाएं। आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के माध्यम से तकनीक का उपयोग नागरिकों को अधिक सुगम और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं देने में करें। आयुष्मान भारत योजना (मध्यप्रदेश) के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अरविंद शाह ने बताया कि अगस्त 2026 तक प्रदेश में 5 करोड़ 90 लाख से अधिक आभा आईडी, 20,444 से अधिक स्वास्थ्य संस्थाओं का स्वास्थ्य संस्था रजिस्टर और 19,274 स्वास्थ्यकर्मियों का हेल्थ प्रोफेशनल रजिस्टर में पंजीयन हो चुका है।

Facebook Comments Box

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *