खनिज, आबकारी, परिवहन एवं पंजीयन विभाग शत-प्रतिशत राजस्व संग्रहण करें – कमिश्नर

खनिज, आबकारी, परिवहन एवं पंजीयन विभाग शत-प्रतिशत राजस्व संग्रहण करें – कमिश्नर
खनिज विभाग बेला क्षेत्र में खनिज के अवैध उत्खनन पर प्रभावी अंकुश लगाए
सभी अधिकारी फील्ड पर भ्रमण कर अवैध गतिविधियों पर कार्रवाई करें

रीवा 06 अगस्त 2026. रीवा संभाग कमिश्नर श्री शीलेंद्र सिंह ने गुरुवार को कमिश्नर कार्यालय में आयोजित बैठक में रीवा संभाग के सभी जिलों के खनिज अधिकारी, आबकारी अधिकारी, जिला परिवहन अधिकारी एवं जिला पंजीयन अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वह शासन द्वारा दिए गए लक्ष्य की पूर्ति करते हुए शत-प्रतिशत राजस्व संग्रहण करना सुनिश्चित करें। कमिश्नर ने जुलाई माह तक हुए राजस्व संग्रहण की समीक्षा की और सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह राजस्व संग्रहण के कार्य में तेजी लाए। फील्ड पर भ्रमण कर चल रही खनिज के अवैध उत्खनन, अवैध शराब बिक्री एवं निर्धारित मानकों का पालन न करने वाले लॉन्ग रूट की बसों पर चालानी कार्रवाई करना सुनिश्चित करे। कमिश्नर ने संभागीय खनिज अधिकारी को निर्देश दिए कि रीवा के बेला क्षेत्र में लंबे समय से चल रहे खनिज के अवैध उत्खनन की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए वहां उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण पर प्रभावी अंकुश लगाएं। यदि विभाग के पास माइनिंग इंस्पेक्टर नहीं है तो संभाग के अन्य जिलों से माइनिंग इंस्पेक्टर बुलाकर अवैध खनन पर सख्त कार्रवाई कराएं। कमिश्नर ने खनिज, आबकारी, परिवहन एवं पंजीयन विभाग द्वारा जुलाई माह तक वसूल किए गए राजस्व संग्रहण की समीक्षा की। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह राजस्व संग्रहण का कार्य इस वित्तीय वर्ष तक अनिवार्य रूप से पूरा कर लें।
कमिश्नर ने पंजीयन विभाग की समीक्षा की। समीक्षा के दौरान बताया गया कि रीवा संभाग में 840 करोड़ का राजस्व वसूली का लक्ष्य निर्धारण किया गया है। वर्ष 2025-26 में संपदा 2.0 पोर्टल लांच होने के बाद संपत्ति एवं अन्य सभी प्रकार के पंजीबद्ध दस्तावेज की ऑनलाइन एंट्री की जाती है। रीवा संभाग में खनिज विभाग का इस वर्ष का राजस्व लक्ष्य 6413 करोड़ निर्धारित किया गया है। जुलाई माह तक मात्र 1558.39 करोड़ का राजस्व प्राप्त किया गया है। कमिश्नर ने कम राजस्व वसूली पर नाराजगी व्यक्त करते हुए सभी अधिकारियों को वसूली की रफ्तार बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने सिंगरौली में 6001 करोड़ के लक्ष्य के विरूद्ध जुलाई माह तक मात्र 1458 करोड़ वसूली पर भी नाराजगी जाहिर की। कमिश्नर ने खनिज विभाग के अमले को और सक्रिय रहकर कार्य करने के निर्देश दिए। कमिश्नर ने कहा कि जहां-जहां वैध माइनिंग की गतिविधियां चल रही है वहां नियमों का पालन करते हुए प्लांटेशन अनिवार्य रूप से किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि वह शीघ्र ही भ्रमण करेंगे और यदि उन्हें प्लांटेशन नहीं मिला तो संबंधित अधिकारी के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। कमिश्नर ने जिला खनिज अधिकारी सिंगरौली को निर्देश दिए कि वह अगली बैठक से पूर्व शत-प्रतिशत राजस्व वसूली का लक्ष्य पूरा करें।
कमिश्नर ने रीवा संभाग के सभी जिलों में खनिज के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण की स्थिति की समीक्षा की। बताया गया कि रीवा में अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण करने वालों के विरुद्ध 62 प्रकरण दर्ज किए गए हैं, जिनमें 12.80 लाख रुपए की अर्थदंड की वसूली की गई है। मऊगंज में 19 प्रकरण दर्ज करते हुए 0.87 हजार, सतना में 72 प्रकरण में 105.82 लाख रुपए, मैहर में 75 प्रकरण में 8.29 लाख रुपए, सीधी में 116 प्रकरण में 81.23 लाख तथा सिंगरौली में 91 प्रकरणों में 69.62 लाख रुपए की अर्थदण्ड की वसूली सुनिश्चित की गई है। कमिश्नर ने कहा कि कोई भी अधिकारी घर या ऑफिस से कार्य संचालित करता हुआ न पाया जाए। सभी अधिकारी अपने निर्धारित फील्ड पर सक्रिय रूप से कार्य करते दिखें। कमिश्नर ने आगामी कार्यवाहियों के लिए एक ठोस कार्य योजना बनाने के निर्देश दिए और कहा कि सभी खनिज अधिकारी रात्रि में अनिवार्य रूप से गश्त कर अवैध खनन की गतिविधियों पर प्रभावी कार्रवाई करें। कमिश्नर ने कहा कि वर्तमान में फील्ड में अधिकारियों का प्रदर्शन अत्यंत खराब है इसे प्राथमिकता से सुधारने की आवश्यकता है।

कमिश्नर ने परिवहन विभाग की राजस्व वसूली की भी समीक्षा की। बताया गया कि संभाग में 445.29 करोड़ का राजस्व लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसके अंतर्गत जुलाई माह तक 133 करोड़ की वसूली की जा चुकी है। आबकारी विभाग की समीक्षा करते हुए कमिश्नर ने सभी आबकारी अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह देशी मदिरा में होने वाली मिलावट को प्राथमिकता से रोकें। कहीं भी मिलावटी शराब पीने से कोई भी दुर्घटना घटित न हो। उन्होंने देशी एवं विदेशी मदिरा की खपत की समीक्षा की। बताया गया कि संभाग के 6 जिलो का भंडारण रीवा जिले में किया जाता है। चार जिलों में देशी मदिरा वेयरहाउस है और एक जिले में विदेशी मदिरा का वेयरहाउस है। संभाग के जिलों में कुल 226 मदिरा की दुकानें संचालित की जा रही हैं। कमिश्नर ने भांग दुकान की अदयतन स्थिति की जानकारी ली एवं अवैध शराब के विरुद्ध दर्ज प्रकरणों मैं अब तक हुई कार्रवाई की समीक्षा की। बताया गया कि अब तक कुल 18 प्रकरण में कार्रवाई की गई है और अवैध शराब बिक्री के दर्ज प्रकरण न्यायालय में विचाराधीन है। कमिश्नर ने सिंगरौली एवं मऊगंज जिले में कम राजस्व वसूली पर संबंधित जिला आबकारी अधिकारियों को कारण बताओं नोटिस देने के निर्देश दिए।

कमिश्नर ने सभी विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह अपने अधीनस्थ उन अधिकारी एवं कर्मचारी की सूची अपडेट रखें जो आगामी 6 माह में सेवानिवृत्त हो रहे हैं। ऐसे सेवानिवृत्त होने वाले अधिकारी एवं कर्मचारी का डाटा एवं सभी जानकारी जिला पेंशन कार्यालय अनिवार्य रूप से भिजवाए जाएं ताकि समय रहते सभी अधिकारी एवं कर्मचारियों का पेंशन प्रकरण तैयार किया जा सके। कमिश्नर ने सीएम हेल्पलाइन में दर्ज लंबित प्रकरणों की भी समीक्षा की।

Facebook Comments Box

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *