सीएम हेल्पलाइन के लंबित प्रकरणों का निराकरण कराएं – कमिश्नर

सीएम हेल्पलाइन के लंबित प्रकरणों का निराकरण कराएं – कमिश्नर
गर्भवती महिलाओं का शत-प्रतिशत पंजीयन और नियमित जाँच सुनिश्चित करें – कमिश्नर
रीवा 28 जुलाई 2026. कमिश्नर कार्यालय सभागार में आयोजित बैठक में कमिश्नर शीलेन्द्र सिंह ने कहा कि संभागीय अधिकारी सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों के निराकरण की जिलेवार समीक्षा करें। लंबित प्रकरणों का निराकरण कराकर प्रतिवेदन प्रस्तुत करें। नॉन अटेंडेंड प्रकरणों के लेवल-1 अधिकारियों को नोटिस देकर कार्रवाई करें। राजस्व विभाग, ग्रामीण विकास विभाग, स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, श्रम विभाग, पीएचई, नगरीय निकाय तथा गृह विभाग में बड़ी संख्या में आवेदन पत्र लंबित हैं। संबंधित अधिकारी विशेष ध्यान देकर इनका निराकरण करें। कमिश्नर ने सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों में कार्यवाही न करने पर सीएमएचओ सीधी, कार्यपालन यंत्री पीएचई सीधी, जिला शिक्षा अधिकारी सीधी तथा मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत रीवा को नोटिस देने के निर्देश दिए। कमिश्नर ने संयुक्त संचालक शिक्षा को जिला शिक्षा अधिकारी रीवा को न्यायालय में लंबित प्रकरण पर कार्यवाही न करने के लिए नोटिस देने के निर्देश दिए।
कमिश्नर ने कहा कि शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार के लिए लगातार प्रयास करें। संयुक्त संचालक शिक्षा सभी सांदीपनि विद्यालय तथा उत्कृष्ट विद्यालयों में विद्यार्थियों के लिए कॅरियर मार्गदर्शन और प्रतियोगी परीक्षाओं के संबंध में मार्गदर्शन देने की व्यवस्था कराएं। नि:शुल्क पुस्तकों का वितरण कराकर पोर्टल पर जानकारी दर्ज कराएं। अपार आईडी में पंजीयन की स्थिति संतोषजनक नहीं है। इसकी नियमित समीक्षा करके शत-प्रतिशत पंजीयन कराएं। संभाग के स्वास्थ्य सूचकांकों को बेहतर करने तथा गर्भवती महिलाओं एवं बच्चों के पोषण स्तर में सुधार के लिए स्वास्थ्य विभाग तथा महिला एवं बाल विकास विभाग समन्वित प्रयास करें। सभी गर्भवती महिलाओं का पंजीयन तथा नियमित स्वास्थ्य जाँच सुनिश्चित करें। इसके लिए प्रत्येक स्वास्थ्य केन्द्र और सेक्टर स्तर पर शिविर लगाएं। आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एएनएम से गर्भवती महिलाओं के शत-प्रतिशत पंजीयन का प्रमाण पत्र लें। जाँच में गंभीर एनिमिक मिलने वाली गर्भवती महिलाओं को समय पर उपचार सुविधा दें तथा पोर्टल पर जानकारी दर्ज कराएं। दस्तक अभियान का प्रभावी क्रियान्वयन करें। अभियान के दौरान गंभीर रूप से बीमार और कम पोषित बच्चों का चिन्हांकन होने पर उन्हें तत्काल समुचित उपचार दें। कमिश्नर ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी रीवा और सतना तथा डीपीएम रीवा को नोटिस देने के निर्देश दिए।
बैठक में कमिश्नर ने कहा कि नगरीय निकायों में प्रधानमंत्री आवास के हितग्राहियों की किस्त समय पर जारी करें। तरल तथा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन की समुचित व्यवस्था कराएं। संयुक्त संचालक कृषि वर्षा की स्थिति को देखते हुए किसानों को फसल के संबंध में उचित सलाह दें। खाद का ई टोकन के माध्यम से वितरण कराएं। राजस्व विभाग के सहयोग से फार्मर रजिस्ट्री में प्रगति लाएं। प्राकृतिक खेती के लिए पंजीकृत किसानों को श्री अन्न की खेती के लिए प्रोत्साहित करें। संयुक्त संचालक पशुपालन क्षीरधारा योजना तथा पशुओं के टीकाकरण पर विशेष ध्यान दें। चीफ इंजीनियर ऊर्जा आरडीएसएस योजना के कार्यों में तेजी लाएं। फीडर सेपरेशन की प्रगति की नियमित रूप से जानकारी दें। खराब ट्रांसफार्मर बदलने तथा बिजली की आपूर्ति की नियमित समीक्षा करें। कमिश्नर ने वन विभाग के अधिकारी को निर्धारित लक्ष्य के अनुसार वृक्षारोपण कराने के निर्देश दिए। बैठक में कमिश्नर्स कान्फ्रेंस के एजेण्डा बिन्दुओं की विभागवार समीक्षा की गई। बैठक में संयुक्त आयुक्त वीरेन्द्र पटेल, उपायुक्त राजस्व एलएल अहिरवार, संयुक्त आयुक्त दिव्या त्रिपाठी तथा संबंधित संभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।