हब फॉर एम्पावरमेंट ऑफ वूमेन अंतर्गत जन-जागरूकता शिविर आयोजित 

हब फॉर एम्पावरमेंट ऑफ वूमेन अंतर्गत जन-जागरूकता शिविर आयोजित
लिंग संवेदनशीलता एवं शिक्षा विषय पर महिलाओं एवं बालिकाओं को किया गया जागरूक

रीवा 21 जुलाई 2026. जिला हब फॉर एम्पावरमेंट ऑफ वूमेन अंतर्गत जिलेभर में महिला सशक्तिकरण, लैंगिक समानता एवं विभागीय योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से आंगनवाड़ी केन्द्रों एवं ग्राम पंचायत स्तर पर जन-जागरूकता शिविरों का आयोजन निरंतर किया जा रहा है। इसी क्रम में चिरहुला सेक्टर वार्ड क्रमांक 43 के आंगनवाड़ी केन्द्र क्रमांक तीन में जन-जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। इस संबंध में जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग नयन सिंह ने बताया कि कार्यक्रम में वन स्टॉप सेन्टर टीम द्वारा हब फॉर एम्पावरमेंट ऑफ वूमेन के अंतर्गत महिलाओं एवं बालिकाओं के साथ लिंग संवेदनशीलता एवं शिक्षा विषय पर संवाद आयोजित किया गया। इस दौरान समाज में महिला-पुरुष समानता, बालिका शिक्षा, महिला अधिकार, आत्मनिर्भरता, सुरक्षित वातावरण एवं महिलाओं की निर्णय प्रक्रिया में सहभागिता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। उपस्थित महिलाओं एवं बालिकाओं के विचार एवं सुझाव भी प्राप्त किए गए तथा उन्हें शासन द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी प्रदान की गई।

शिविर में महिलाओं को मिशन शक्ति के अंतर्गत महिला सुरक्षा, सम्मान एवं सशक्तिकरण संबंधी पहल, मिशन वात्सल्य के माध्यम से बच्चों के संरक्षण एवं पुनर्वास की व्यवस्थाओं, वन स्टॉप सेन्टर द्वारा हिंसा से प्रभावित महिलाओं को उपलब्ध कराई जाने वाली चिकित्सा, पुलिस, विधिक, मनोसामाजिक परामर्श एवं अस्थायी आश्रय जैसी एकीकृत सेवाओं के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही महिला हेल्पलाइन 181 एवं चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 की सेवाओं एवं आवश्यकता पड़ने पर इनके उपयोग की प्रक्रिया से भी अवगत कराया गया। इसके अतिरिक्त प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के अंतर्गत पात्र गर्भवती एवं धात्री माताओं को प्रदान की जाने वाली वित्तीय सहायता, लाड़ली लक्ष्मी योजना के माध्यम से बालिकाओं के शिक्षा एवं भविष्य सुरक्षा संबंधी प्रावधानों तथा मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के उद्देश्य एवं महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण में इसकी भूमिका के संबंध में भी विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। कार्यक्रम में महिलाओं को आंगनवाड़ी सेवाओं, पोषण, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, किशोरी बालिकाओं के पोषण, बाल अधिकार, महिला अधिकार तथा विभाग द्वारा संचालित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी प्रदान की गई। वन स्टॉप सेन्टर की टीम ने उपस्थित महिलाओं एवं बालिकाओं को बताया कि किसी भी प्रकार की घरेलू हिंसा, लैंगिक हिंसा, उत्पीड़न, बाल विवाह, बाल श्रम, बाल संरक्षण अथवा महिलाओं एवं बच्चों से संबंधित किसी भी समस्या की स्थिति में तत्काल संबंधित हेल्पलाइन एवं महिला एवं बाल विकास विभाग से संपर्क कर सहायता प्राप्त की जा सकती है। कार्यक्रम में पर्यवेक्षक श्वेता सोनी, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एम. राधा राव, आंगनवाड़ी सहायिका श्रीमती अंजुला साकेत, वन स्टॉप सेन्टर टीम की शिवानी द्विवेदी उपस्थित रहीं।

Facebook Comments Box

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *