अधिग्रहीत जमीनों की तत्काल रजिस्ट्री कराकर निर्माण कार्य शुरू करें – कलेक्टर

कलेक्टर ने रिवर फ्रंट फेज-2 के कार्यों की मौके पर की समीक्षा
अधिग्रहीत जमीनों की तत्काल रजिस्ट्री कराकर निर्माण कार्य शुरू करें – कलेक्टर

रीवा 10 जुलाई 2026. कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी ने बीहर रिवर फ्रंट फेज-2 के कार्यों का मौके पर जायजा लिया। कलेक्टर ने कहा कि रिवर फ्रंट एक तथा फेज दो में अधिग्रहीत जमीनों की नगर निगम तत्काल रजिस्ट्री कराकर पजेशन प्राप्त करे। जिन व्यक्तियों ने मुआवजा मिलने के बाद स्वेच्छा से जमीन और मकान खाली कर दिए हैं वहाँ नगर निगम अपना आधिपत्य प्राप्त करे। अनुपयोगी और जर्जर मकानों को ध्वस्त करने की कार्यवाही भी नगर निगम तत्काल शुरू कराए। बारिश को देखते हुए ऐसे किसी भी घर को न गिराएं जिसमें लोग रह रहे हैं। जिन मकानों और जमीनों का मुआवजा दिया जा चुका है उनके मालिकों को स्वेच्छा से जमीन और मकान खाली करने के समझाइश दें। नगर निगम अधिग्रहीत जमीनों पर तत्काल आधिपत्य की कार्यवाही शुरू करें।

मौके पर उपस्थित आयुक्त नगर निगम अक्षत जैन ने बताया कि अब तक 76 लोगों को जमीनों के मुआवजे के रूप में 16 करोड़ 40 लाख रुपए की राशि का वितरण किया गया है। इनमें से 32 भू स्वामियों द्वारा जमीन की रजिस्ट्री नगर निगम को करा दी गई है। अधिकतर भू स्वामी आपसी सहमति और स्वेच्छा से परिसम्पत्तियाँ सौपने के लिए तैयार हैं। नगर निगम रिक्त पड़े मकानों और जमीनों पर तत्काल आधिपत्य लेगा। मौके पर उपस्थित एसडीएम हुजूर डॉ. अनुराग तिवारी ने बताया कि बीहर रिवर फ्रंट का निर्माण कार्य पुनर्घनत्वीकरण योजना के तहत किया जा रहा है। इसके फेज-1 का कार्य लगभग पूरा हो गया है। उससे प्रभावित परिवारों को मुआवजा देकर 22 परिवारों से जमीन की रजिस्ट्री करा ली गई है। शेष भू स्वामियों से रजिस्ट्री कराने की कार्यवाही की जा रही है। शासन द्वारा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार भू अर्जन की कार्यवाही की गई है। निरीक्षण के समय उपायुक्त वित्त प्रकाश द्विवेदी, तहसीलदार अनुपम पाण्डेय, नायब तहसीलदार यतीश शुक्ला, नगर निगम के अधिकारी तथा निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Facebook Comments Box

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *