अनुसूचित आयोग के अध्यक्ष ने ग्रामीण विकास तथा नगरीय निकाय के कार्यों की समीक्षा की

अनुसूचित आयोग के अध्यक्ष ने ग्रामीण विकास तथा नगरीय निकाय के कार्यों की समीक्षा की
रीवा 22 जून 2026. मध्यप्रदेश अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष श्री कैलाश जाटव ने ग्रामीण विकास विभाग तथा नगर निगम रीवा निकाय अंतर्गत अनुसूचित जाति वर्ग के हितों से संबंधित कल्याणकारी योजनाओं, सुविधाओं एवं विकास कार्यों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में अनुसूचित जाति वर्ग के हितग्राहियों को विभिन्न शासकीय योजनाओं से लाभान्वित किए जाने की स्थिति की विस्तार से समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की। समीक्षा के दौरान उन्होंने हितग्राही मूलक योजनाओं के अंतर्गत लाभान्वित अनुसूचित जाति वर्ग के हितग्राहियों की जानकारी ली तथा पात्र व्यक्तियों तक योजनाओं का लाभ प्रभावी रूप से पहुंचाने के निर्देश दिए। सामान्य प्रशासन विभाग की समीक्षा करते हुए कर्मचारियों की भागीदारी एवं समान कार्य के लिए समान वेतन संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी भी प्राप्त की।
अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत अनुसूचित जाति वर्ग सहित अधिक से अधिक पात्र पथ विक्रेताओं को लाभान्वित करने पर बल दिया। उन्होंने अधिकारियों को समाज के लोगों को योजना के प्रति जागरूक एवं प्रेरित कर अधिकाधिक हितग्राहियों को ऋण सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
आयोग के अध्यक्ष ने स्लम बस्तियों में एमआईसी की बैठक आयोजित करने का नवाचार अपनाने का सुझाव दिया, जिससे अनुसूचित जाति एवं वंचित वर्गों की समस्याओं को उनके बीच पहुंचकर समझा जा सके तथा उनका त्वरित निराकरण सुनिश्चित हो सके। नगर निगम के आश्रय स्थल एवं रविन्द्र भवन में व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित रखें। सफाई मित्रों एवं स्वास्थ्य मित्रों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को प्राथमिकता दें और सभी को पीपीई किट उपलब्ध कराएं तथा नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराएं। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि अनुसूचित जाति बहुल बस्तियों एवं स्लम क्षेत्रों में विशेष ध्यान दिया जाए तथा वहां निवासरत नागरिकों को पेयजल, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था सहित सभी मूलभूत सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराई जाएं। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों ने विभिन्न योजनाओं एवं कार्यों की प्रगति की जानकारी प्रस्तुत की। बैठक के दौरान उपायुक्त प्रकाश द्विवेदी, कार्यपालन यंत्री राजेश सिंह, सहायक आयुक्त रामनरेश तिवारी एवं अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।