अधिकारी रीवा को अपना मानकर उसके विकास में योगदान दें – कमिश्नर

अधिकारी पदीय दायित्व का जिम्मेदारी से निर्वहन करें – कमिश्नर श्री सिंह
अधिकारी रीवा को अपना मानकर उसके विकास में योगदान दें – कमिश्नर

रीवा 22 जून 2026. रीवा संभाग के नवागत कमिश्नर शीलेन्द्र सिंह ने पद्भार ग्रहण करने के बाद संभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में कमिश्नर श्री सिंह ने कहा कि सभी अधिकारी पदीय दायित्व का जिम्मेदारी से निर्वहन करें। शासन की योजनाओं और कार्यक्रमों को प्रभावी रूप से लागू करें। शासकीय कार्य में किसी भी तरह की कठिनाई आने पर अवगत कराएं। विभागीय कार्यों के लिए शत-प्रतिशत उपलब्धि का लक्ष्य तय करें। सभी अधिकारी रीवा को अपना मानकर उसके विकास में योगदान दें। तय समय सीमा में निर्माण कार्यों का पूरा होना और विभागीय लक्ष्यों की पूर्ति भी संभाग, प्रदेश और देश के विकास में योगदान है। आमजनता की कठिनाईयों को दूर करने के लिए तत्परता से कार्यवाही करें। उत्तरदायित्वों के निर्वहन में लापरवाही सहन नहीं की जाएगी।
बैठक में कमिश्नर ने कहा कि 25 जून को मुख्य सचिव महोदय द्वारा निर्धारित एजेण्डा बिन्दुओं में वीडियो कान्फ्रेंसिंग से समीक्षा की जाएगी। बैठक के एजेण्डा बिन्दुओं से जुड़ी जानकारी प्रस्तुत करें। स्वास्थ्य सूचकांकों में सुधार, शिशु मृत्यु दर तथा मातृ मृत्यु दर में नियंत्रण एवं बच्चों का पोषण स्तर बढ़ाने के लिए स्वास्थ्य विभाग तथा महिला एवं बाल विकास विभाग समन्वय से प्रयास करे। सभी गर्भवती महिलाओं का समय पर अनिवार्य रूप से पंजीयन तथा नियमित जाँच सुनिश्चित करें। संयुक्त संचालक कृषि किसानों की मांग के अनुसार खाद और बीज की आपूर्ति कराएं। किसी भी जिले में खाद की कमी न रहे। संयुक्त संचालक पेंशन सभी लंबित पेंशन प्रकरणों का निराकरण कराएं। सेवानिवृत्त के दिन ही शासकीय सेवक पीपीओ जारी हो सके, ऐसी व्यवस्था करें। संयुक्त संचालक पशुपालन कामधेनु योजना, क्षीरधारा योजना तथा पशुओं के टीकाकरण की रिपोर्ट प्रस्तुत करें। सभी पशुओं को समय पर टीके लगवाएं।
बैठक में कमिश्नर ने कहा कि जल जीवन मिशन के कार्यों की नियमित समीक्षा की जाएगी। समूह नलजल योजनाओं का कार्य तय समय सीमा में पूरा कराकर हर घर में नल से पानी की आपूर्ति कराएं। निर्माण कार्यों तथा योजनाओं के क्रियान्वयन में देरी राष्ट्रीय क्षति है। संयुक्त संचालक शिक्षा स्कूलों और छात्रावासों की व्यवस्थाओं में सुधार कराएं। कक्षा आठवीं के बाद के सभी विद्यार्थियों को प्रतिदिन प्रार्थना के बाद कॅरियर मार्गदर्शन दें। इससे विद्यार्थियों की कक्षा में उपस्थिति बढ़ेगी तथा शिक्षा की गुणवत्ता में भी सुधार होगा। सिंचाई परियोजनाओं तथा अन्य निर्माण कार्यों में भू अर्जन की जानकारी दें। बैठक में कमिश्नर ने ऊर्जा विभाग में फीडर सेपरेशन, आरडीएसएस योजना के क्रियान्वयन तथा मछलीपालन विभाग में केजकल्चर के माध्यम से मछलीपालन को बढ़ावा देने के निर्देश दिए। कमिश्नर ने जल गंगा संवर्धन अभियान, संबल योजना में मजदूरों के पंजीयन तथा सड़कों के सुधार के संबंध में निर्देश दिए। बैठक में समय संयुक्त आयुक्त दिव्या त्रिपाठी, उपायुक्त राजस्व एलएल अहिरवार तथा अन्य संभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Facebook Comments Box

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *