उद्यानिकी कार्यशाला और आम महोत्सव का हुआ शुभारंभ

उद्यानिकी कार्यशाला और आम महोत्सव का हुआ शुभारंभ

रीवा 18 जून 2026. उद्यानिकी विभाग द्वारा एकीकृत बागवानी मिशन योजना के तहत दो दिवसीय उद्यानिकी कार्यशाला और आम महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मेहताब सिंह गुर्जर ने सहायक संचालक उद्यानिकी कार्यालय में आयोजित कार्यशाला का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने कहा कि खेती को लाभकारी बनाने के लिए किसानों को उद्यानिकी फसलों के लिए प्रेरित करें। जिले की मिट्टी और मौसम में सभी प्रमुख उद्यानिकी फसलें ली जा सकती हैं। रीवा संभाग को परंपरागत रूप से आमों के उत्पादन के लिए जाना जाता है। रीवा जिले के सुंदरजा आम को जीआई टैग मिल चुका है। आम के साथ-साथ कटहल, अमरूद, नींबू, पपीता, केला तथा अन्य फलों की खेती सफलतापूर्वक की जा रही है। कई उन्नत किसान ड्रैगन फ्रूट और चेरी की भी खेती कर रहे हैं।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने कहा कि जिले में सभी प्रमुख सब्जियों का भी अच्छा उत्पादन हो रहा है। सब्जी, फल, फूल तथा मसालों की खेती के क्षेत्र विस्तार के लिए प्रयास करें। किसानों को उद्यानिकी फसलों की आधुनिक तकनीक, ड्रिप सिंचाई तथा उन्नत किस्म के बीजों की जानकारी देकर उत्पादन बढ़ाने में सहयोग करें। फल और सब्जियों के प्रसंस्करण तथा भण्डारण के लिए भी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें। कार्यशाला में अतिथियों का स्वागत करते हुए सहायक संचालक उद्यानिकी श्रीमती दीक्षा चौरे ने विभागीय योजनाओं तथा उद्यानिकी फसलों की जानकारी दी। उन्होंने किसानों से विभागीय योजनाओं का लाभ लेने के लिए पोर्टल में पंजीयन कराने का अनुरोध किया।
कार्यशाला में कृषि विज्ञान केन्द्र के वैज्ञानिक डॉ. राजेश सिंह ने आम, अमरूद, कटहल, नींबू, पपीता तथा अन्य उद्यानिकी फसलों की उन्नत तकनीकों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। कार्यशाला में कलाकार सुरेन्द्र कुमार शुक्ला ने जल संरक्षण तथा खेती से जुड़े प्रेरक गीत सुनाए। कार्यशाला के साथ आयोजित आम महोत्सव में जिले की शासकीय नर्सरियों से उत्पादित 32 किस्मों के आमों के स्टॉल लगाए गए। कार्यशाला का संचालन रवि सिंह बघेल द्वारा किया गया। कार्यशाला में उद्यानिकी अधिकारी आंचल शर्मा, प्रशस्ति पाण्डेय, मीनाक्षी द्विवेदी, डॉ. वंदना द्विवेदी, पीएमएफई स्कीम के जिला रिसोर्स पर्सन तरूणेन्द्र कुशवाहा तथा किसान उपस्थित रहे।

Facebook Comments Box

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *