सीएम हेल्पलाइन में 18 जून तक 85 वेटेज स्कोर प्राप्त करें – कलेक्टर

जनकल्याण शिविर में लापरवाही बरतने वालों पर होगी कार्रवाई – कलेक्टर
सीएम हेल्पलाइन में 18 जून तक 85 वेटेज स्कोर प्राप्त करें – कलेक्टर
रीवा 15 जून 2026. कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी ने कहा कि जनकल्याण शिविर में सभी योजनाओं के पात्र हितग्राहियों के आवेदन पत्र भरवाएं। प्रतिदिन आमजनता से प्राप्त आवेदन पत्रों को भी इसमें दर्ज करें। नगर निगम रीवा में शिविरों के माध्यम से स्वनिधि योजना के पात्र सभी हितग्राहियों के आवेदन दर्ज कराएं। यहाँ हजारों लोग छोटे-छोटे व्यवसाय कर रहे हैं। सभी मुख्य नगरपालिका अधिकारी भी स्वनिधि योजना के आवेदन भरवाएं। अग्रणी बैंक प्रबंधक इन आवेदन पत्रों को स्वीकृति दिलाकर हितग्राहियों को ऋण राशि का वितरण कराएं। एसडीएम जनकल्याण शिविरों में आवेदन पत्रों के दर्ज होने और निराकरण की मानीटरिंग करें। आवेदन पत्रों का निराकरण पोर्टल पर अनिवार्य रूप से दर्ज कराएं। जनकल्याण शिविरों में लापरवाही बरतने वालों पर कड़ी कार्यवाही की जाएगी।
कलेक्टर ने कहा कि सीएम हेल्पलाइन में सभी अधिकारी 50 दिन से अधिक समय से लंबित आवेदनों को निराकृत कराएं। इसमें संभागीय स्तर के एल-3 अधिकारियों के पास लंबित प्रकरणों का भी शत-प्रतिशत निराकरण करें। सीएम हेल्पलाइन में प्रकरण के नान अटेंडेंड रहने पर संबंधित अधिकारी के वेतन काटने की कार्रवाई की जाएगी। सभी अधिकारी प्रकरणों के निराकरण का संतुष्टि प्रतिशत बढ़ाने का प्रयास करें। सीएम हेल्पलाइन में 18 जून तक 85 प्रतिशत वेटेज अंक अनिवार्य रूप से प्राप्त करें। कलेक्टर ने प्रकरणों के निराकरण में लापरवाही बरतने पर वन, उद्यानिकी, आयुष तथा पिछड़ावर्ग के अधिकारियों को नोटिस देने के निर्देश दिए। सभी एसडीएम और तहसीलदार सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों के निराकरण पर विशेष ध्यान दें। कलेक्टर ने कहा कि 70 से कम वेटेज अंक वाले जनपद के सीईओ तथा सीएमओ को भी कारण बताओ नोटिस दें।
कलेक्टर ने कहा कि सभी फाइलें और पत्र ई आफिस से ही भेजें। अभी भी जनपदों तथा तहसीलों में ई आफिस के माध्यम से बहुत कम फाइलों का मूवमेंट हुआ है। सभी तहसीलदार और जनपद के सीईओ इस पर विशेष ध्यान दें। जिला आपूर्ति अधिकारी गेंहू उपार्जन की अंतिम रिपोर्ट प्रस्तुत करें। मिशन कर्मयोगी के तहत सभी अधिकारी और कर्मचारी ऑनलाइन प्रशिक्षण अवश्य लें। कार्यालय प्रमुख तीन दिन में प्रशिक्षण की रिपोर्ट प्रस्तुत करें। बैठक में कलेक्टर ने खराब हैण्डपंपों के सुधार, खाद और बीज के वितरण, प्राकृतिक खेती के बढ़ावा देने के प्रयासों तथा कलेक्टर कान्फ्रेंस के एजेंडा बिन्दुओं पर तत्परता से कार्यवाही के निर्देश दिए। बैठक में स्वास्थ्य विभाग द्वारा मलेरिया तथा वर्षाजनित रोगों से बचाव के संबंध में किए गए प्रबंधों की जानकारी दी गई। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मेहताब सिंह गुर्जर, अपर कलेक्टर श्रीमती सपना त्रिपाठी तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में एसडीएम, तहसीलदार, जनपद के सीईओ एवं सीएमओ वीडियो कान्फ्रेंसिंग से शामिल हुए।