
जनकल्याण शिविर में पात्र हितग्राहियों के आवेदन भरवाएं – अपर कलेक्टर
समान नागरिक संहिता के संबंध में उपयोगी सुझाव दें – अपर कलेक्टर
रीवा 08 जून 2026. कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में अपर कलेक्टर श्रीमती सपना त्रिपाठी ने कहा कि 12 से 18 जून तक सभी विकासखण्ड मुख्यालयों तथा नगरीय निकायों में जनकल्याण शिविर लगाए जाएंगे। सभी एसडीएम इसके लिए स्थान निर्धारित कर समुचित व्यवस्था कराएं। सभी जनप्रतिनिधियों को भी शिविर की तिथियों से अवगत कराएं। जनपद के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तथा मुख्य नगर पालिका अधिकारी शासन की प्रमुख योजनाओं से छूटे हुए पात्र हितग्राहियों के आवेदन पत्र इन शिविरों में भरवाएं। प्रत्येक शिविर तीन दिवसीय होंगे। इन शिविरों में सभी प्रमुख योजनाओं और कार्यक्रमों की जानकारी भी आमजनता को दें। शिविर में फार्मर आईडी, पीएम स्वनिधि योजना, उद्यम क्रांति योजना, आयुष्मान भारत योजना तथा अन्य योजनाओं के हितग्राहियों के आवेदन भरवाएं।
अपर कलेक्टर ने कहा कि समान नागरिक संहिता के संबंध में सुझाव आमंत्रित किए गए हैं। सभी अधिकारी, कर्मचारी तथा आमजन इसके संबंध में उपयोगी सुझाव दे सकते हैं। अपने सुझाव डब्ल्यूडब्ल्यूडब्ल्यू डॉट यूसीसी डॉट एमपी डॉट जीओभी डॉट इन पर दर्ज करें। अपर कलेक्टर ने कहा कि सीएम हेल्पलाइन में सभी अधिकारी लंबित आवेदन पत्रों का निराकरण करके 10 जून तक 80 वेटेज स्कोर प्राप्त करें। कोई भी विभाग सी और डी कैटेगरी में न रहे। सभी तहसीलदार हल्कावार पटवारियों के दल तैनात करके 15 जून तक सीमांकन के सभी आवेदनों का निराकरण कराएं। दल को प्रत्येक दिन के अनुसार सीमांकन के लक्ष्य दें। सभी एसडीएम प्रतिदिन सीमांकन की रिपोर्ट लेकर कलेक्टर कार्यालय में प्रस्तुत करें। सीएम हेल्पलाइन में स्वास्थ्य विभाग, श्रम विभाग, स्कूल शिक्षा विभाग, राजस्व विभाग, ग्रामीण विकास विभाग, नगरीय निकाय तथा महिला एवं बाल विकास विभाग में बड़ी संख्या में आवेदन पत्र लंबित हैं। इनके निराकरण पर विशेष ध्यान दें। जन सुनवाई में प्राप्त पत्रों पर दो दिवस में कार्यवाही करके प्रतिवेदन पोर्टल पर दर्ज कराएं।
अपर कलेक्टर ने कहा कि फाइलें और लेटर केवल ई आफिस के माध्यम से भेजें। साप्ताहिक रैंकिंग में अभी भी जिला 12वें स्थान पर है। एसडीएम जवा, जनपद सीईओ जवा, जनपद रायपुर कर्चुलियान, जनपद सिरमौर तथा जनपद पंचायत रीवा ई आफिस पर ध्यान दें। गंगेव जनपद पंचायत ने इस सप्ताह 171 फाइलें क्रिएट करके सबसे अच्छा कार्य किया है। कलेक्ट्रेट की विभिन्न शाखाओं के प्रभारी तथा सीएमओ भी ई आफिस के माध्यम से ही समस्त कार्यवाहियाँ करें। बैठक में अपर कलेक्टर ने पेयजल व्यवस्था, वर्षाजनित बीमारियों से निपटने के प्रबंध, आपदा प्रबंधन तथा खाद और बीज के वितरण के संबंध में अधिकारियों को निर्देश दिए। बैठक में एसडीएम हुजूर डॉ. अनुराग तिवारी, डिप्टी कलेक्टर आरके सिन्हा, डिप्टी कलेक्टर राकेश चौरसिया तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। सभी एसडीएम, तहसीलदार एवं अन्य खण्ड स्तरीय अधिकारी वीडियो कान्फ्रेंसिंग से बैठक में शामिल हुए।