हिंदी पत्रकारिता दिवस पर विचार गोष्ठी का आयोजन संपन्न

हिंदी पत्रकारिता दिवस पर विचार गोष्ठी का आयोजन संपन्न
रीवा 30 मई 2026. हिंदी पत्रकारिता दिवस के अवसर पर माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय के रीवा परिसर में विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस गोष्ठी में हिंदी पत्रकारिता के ऐतिहासिक सफर, उसकी समसामयिक चुनौतियों और बदलते मीडिया परिदृश्य पर गहन मंथन हुआ।
गोष्ठी को संबोधित करते हुए वरिष्ठ पत्रकार और एडजंक्ट प्रोफेसर जयराम शुक्ला ने हिंदी पत्रकारिता के जनक पंडित जुगल किशोर शुक्ल के युगांतरकारी योगदान को श्रद्धापूर्वक स्मरण किया। उन्होंने कहा कि पंडित जुगल किशोर शुक्ल ने विषम परिस्थितियों में हिंदी पत्रकारिता का जो बीज रोपा था, वह आज एक विशाल वटवृक्ष का रूप ले चुका है। उनकी दूरदृष्टि और अदम्य प्रयासों के कारण ही हिंदी पत्रकारिता आज देश के कोने-कोने तक अपनी सशक्त उपस्थिति दर्ज करा रही है। परिसर निदेशक डॉ. सतेंद्र डहेरिया ने अपने उद्बोधन में कहा कि पंडित जुगल किशोर शुक्ल के सपनों को साकार करने में वर्तमान समय में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय का रीवा परिसर भी अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। इस विश्वविद्यालय ने देश को अनेक ऐसे प्रतिभाशाली पत्रकार दिए हैं, जो आज राष्ट्रीय व प्रादेशिक स्तर के विभिन्न मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं देकर समाज और राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा से निर्वहन कर रहे हैं। डॉ. डहेरिया ने भावी पत्रकारों से आह्वान किया कि वे पत्रकारिता के मूल सिद्धांतों, निष्पक्षता और सामाजिक सरोकारों को अपने जीवन में गहराई से आत्मसात करें।
कार्यक्रम का संचालन करते हुए डॉ. बृजेश पाण्डेय ने कहा कि हिंदी पत्रकारिता का इतिहास सदैव संघर्ष, समर्पण और जनसेवा की भावना से अनुप्राणित रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों से इस समृद्ध और गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाने और पत्रकारिता के उच्च आदर्शों को अक्षुण्ण रखने का आग्रह किया। विभिन्न वक्ताओं ने वैश्विक स्तर पर हिंदी भाषा की बढ़ती समृद्धि और पत्रकारिता में उसकी रीढ़ जैसी भूमिका पर प्रकाश डाला। साथ ही, उन्होंने विद्यार्थियों को खोजी व मूल्य आधारित पत्रकारिता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में डॉ. विनोद दुबे, डॉ. सुनील सिंह, डॉ. अंजली त्रिपाठी, डॉ. नीति मिश्रा, डॉ. दिव्य शंकर मिश्रा, आरती श्रीवास्तव, अपर्णा गोस्वामी, तरुण त्रिपाठी, प्रदीप शुक्ला, धीरेन्द्र मिश्रा, कनिष्क तिवारी, राहुल चतुर्वेदी, शैलेन्द्र द्विवेदी सहित समस्त शिक्षक व विद्यार्थी उपस्थित रहे।