ज्ञान भारतम पांडुलिपि अभियान में पांडुलिपियों को सुरक्षित रखने का कार्य आरंभ

ज्ञान भारतम पांडुलिपि अभियान में पांडुलिपियों को सुरक्षित रखने का कार्य आरंभ तीन सौ पांडुलिपियों का भारतम ऐप में किया गया अपलोड रीवा 23 अप्रैल 2026. भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय द्वारा ज्ञान भारतम पांडुलिपि मिशन के तहत पांडुलिपि संरक्षण के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। हस्तलिखित विरासत का सर्वेक्षण, दस्तावेजीकरण, संरक्षण और डिजिटलीकरण के उद्देश्य से जिले में पांडुलिपियों को सुरक्षित रखने का कार्य आरंभ कर दिया गया है। कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी के निर्देशन में जिले के इतिहासकार डॉ. असद खान के निवास में तीन सौ पांडुलिपियों का अवलोकन कर उन्हें भारतम ऐप में अपलोड कराया गया। कलेक्टर ने निर्देश दिये हैं कि समिति मंदिरों, मठों, आश्रमों, निजी संग्रहों, पुस्तकालयों और शैक्षणिक संस्थानों में संरक्षित प्राचीन हस्तलिखित पांडुलिपियों की खोजकर ज्ञान भारतम ऐप में अपलोड कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने पांडुलिपि धारकों के साथ संवाद स्थपित करने और विश्वविद्यालयों के छात्र व शोधार्थियों की भागीदारी सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिये हैं। उल्लेखनीय है कि यह विशेष अभियान 16 मार्च से 15 जून तक संचालित किया जायेगा।