सीएम राइज पीके स्कूल भवन का निर्माण कार्य अंतिम चरण में कलेक्टर ने निर्माण कार्य का लिया जायजा

सीएम राइज पीके स्कूल भवन का निर्माण कार्य अंतिम चरण में कलेक्टर ने निर्माण कार्य का लिया जायजा, 15 जुलाई तक काम पूरा करने के दिए निर्देश रीवा 09 अप्रैल 2026. कलेक्टर प्रतिभा पाल ने निर्माणाधीन सीएम राइज पीके स्कूल भवन का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने कार्य की प्रगति पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि भवन का समस्त निर्माण कार्य आगामी 15 जुलाई तक अनिवार्य रूप से पूरा कराएं। भवन में फर्नीचर, प्रयोगशाला (लैब) और सुव्यवस्थित इलेक्ट्रिसिटी फिटिंग सहित अन्य सभी आवश्यक व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित कराएं। परिसर की सुरक्षा और पहुंच को ध्यान में रखते हुए बाउंड्रीवॉल का निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कराएं। इसके साथ ही स्कूल परिसर में बस पार्किंग के लिए पर्याप्त और व्यवस्थित स्थान विकसित करें जिससे भविष्य में यातायात संबंधी कोई समस्या उत्पन्न न हो। उल्लेखनीय है कि इस भव्य और आधुनिक शैक्षणिक परिसर के लिए शासन द्वारा 53.45 करोड़ रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है। वर्तमान में स्कूल भवन का कार्य फिनिशिंग स्तर पर चल रहा है, जिसे अंतिम रूप दिया जा रहा है। कलेक्टर प्रतिभा पाल ने कहा है कि भवन फिनिशिंग का काम निर्धारित मानक के अनुसार ही कराएं। निरीक्षण के दौरान लोक निर्माण विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। । कलेक्टर ने बेटियों से संवाद कर उनके सपनों को किया प्रोत्साहित एचपीवी वैक्सीनेशन से न डरें, अफवाहों पर न दें ध्यान – कलेक्टर रीवा 09 अप्रैल 2026. कलेक्टर प्रतिभा पाल ने सीएम राइज पीके स्कूल का भ्रमण किया, जहाँ उन्होंने छात्राओं के साथ आत्मीय संवाद कर उनके शैक्षणिक भविष्य और व्यक्तिगत रुचियों की जानकारी ली। कलेक्टर ने छात्राओं से उनके पठन-पाठन और खेलकूद की गतिविधियों के संबंध में भी जानकारी ली। जब कलेक्टर ने छात्राओं से उनके भविष्य के लक्ष्यों के बारे में पूछा, तो क्लासरूम उत्साह से भर उठा। छात्राओं ने पूरी निडरता के साथ अपनी महत्वाकांक्षाएं साझा करते हुए बताया कि वे पढ़-लिखकर डॉक्टर, शिक्षक और पुलिस अधिकारी बनकर समाज की सेवा करना चाहती हैं। कलेक्टर ने छात्राओं के इन सपनों की सराहना करते हुए उन्हें निरंतर मेहनत करने के लिए प्रोत्साहित किया। संवाद के दौरान कलेक्टर ने एचपीवी वैक्सीनेशन पर विशेष ध्यान केंद्रित किया। उन्होंने बताया कि 14 से 15 वर्ष की आयु की छात्राओं के लिए यह टीकाकरण अत्यंत आवश्यक है, क्योंकि यह भविष्य में होने वाले घातक सर्वाइकल कैंसर को रोकने में एक सुरक्षा कवच की तरह काम करता है। कलेक्टर ने छात्राओं से आह्वान किया कि वे न केवल स्वयं टीका लगवाएं, बल्कि समाज में अन्य किशोरियों को भी इसके प्रति जागरूक करें। इस वैक्सीनेशन को लेकर किसी भी प्रकार के डर या अफवाहों में आने की आवश्यकता नहीं है, क्योंकि यह पूरी तरह वैज्ञानिक और सुरक्षित प्रक्रिया है। कलेक्टर ने स्कूल प्रशासन और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि विद्यालय की 14 और 15 वर्ष की समस्त छात्राओं का अतिशीघ्र टीकाकरण कराएं। एचपीवी वैक्सीनेशन के संबंध में प्रभावी जागरूकता अभियान चलाएं जिससे कोई भी छात्रा इस सुरक्षा चक्र से वंचित न रहे।

Facebook Comments Box

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *