जल ही जीवन है, इसका सदुपयोग करें – सीईओ
जल ही जीवन है, इसका सदुपयोग करें – सीईओ मेहताब सिंह गुर्जर
जिले भर में जल गंगा संवर्धन अभियान का हुआ शुभारंभ
रीवा 19 मार्च 2026. जल संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा के उद्देश्य से जिले भर में जल गंगा संवर्धन अभियान का शुभारंभ हुआ। यह अभियान 19 मार्च से 30 जून तक संचालित होगा, जिसके अंतर्गत जल स्रोतों के संरक्षण और संवर्धन के लिए जनभागीदारी से कार्य कराए जाएंगे।
इसी क्रम में रीवा जनपद के ग्राम पंचायत अगडाल में “जल गंगा संवर्धन अभियान” का कार्यक्रम आयोजित किया गया। शुभारंभ अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मेहताब सिंह गुर्जर के नेतृत्व में जेलुका तालाब परिसर में सामूहिक श्रमदान किया गया। लगभग 25 एकड़ क्षेत्र में फैले इस तालाब के संरक्षण का संकल्प लेते हुए उपस्थित ग्रामीणों को जल बचाने और प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा के प्रति जागरूक किया गया। इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने कहा कि जल ही जीवन है। इसका सदुपयोग करना आवश्यक है। यदि हम अभी सचेत नहीं हुए तो आने वाले समय में पानी की बड़ी समस्या सामने आएगी। अत: सभी का दायित्व है कि जल संरक्षण व संवर्धन के लिए आगे आएं और अपनी सहभागिता निभाएं। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए श्रमदान किया और तालाब संरक्षण में अपना योगदान दिया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने जल संरक्षण का संकल्प लिया और भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी अभियानों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आश्वासन दिया। कार्यक्रम में जनपद पंचायत रीवा की अध्यक्ष संगीता राजेश यादव, उपाध्यक्ष सुनीता बृजेंद्र द्विवेदी,परियोजना अधिकारी शिव सोनी, सीईओ पूनम दुबे, सहायक यंत्री अनिल तिवारी, उपयंत्री अरुण पटेल, ग्राम पंचायत अगड़ाल के सरपंच अरविंद दुबे सहित रामलाल गौतम और डॉ. लालबिहारी मिश्रा उपस्थित रहे।
जनपद पंचायत रायपुर कर्चुलियान के ग्राम पंचायत गेरूई में जनपद स्तरीय जल गंगा संवर्धन अभियान का शुभारंभ जिला पंचायत सदस्य लालमणि त्रिपाठी ने किया। इसी प्रकार जनपद त्योंथर के चुनरी ग्राम पंचायत में जनपद स्तरीय जल गंगा संवर्धन अभियान का आयोजन किया गया। सिरमौर जनपद के खैरहन पंचायत अंतर्गत देमान तालाब में आयोजित जल संरक्षण के कार्य में जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों सहित ग्रामीणजनों ने अपनी सहभागिता निभाई। सभी के सहयोग से तालाब से गाद निकालकर जल संरक्षण अभियान की शुरूआत की गई। जवा जनपद के जल संरक्षण अभियान कार्यक्रम में अधिकारियों और ग्रामीणजनों ने मिलकर झलवा गांव में अमृत सरोवर में जल संरक्षण के कार्य में अपनी सहभागिता निभाई।