पेट्रोलियम पदार्थों और नेचुरल गैस का पर्याप्त भण्डार है मौजूद – मुख्य सचिव कलेक्टर गैस के वितरण तथा भण्डारण पर कड़ी निगरानी रखें – मुख्य सचिव

मुख्य सचिव श्री अनुराग जैन ने वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से पेट्रोलियम पदार्थों तथा एलपीजी की आपूर्ति एवं वितरण की समीक्षा की। मुख्य सचिव ने कहा कि खाड़ी देशों में अशांति के कारण कच्चे तेल तथा गैस की आपूर्ति में असर पड़ा है, लेकिन देश में और प्रदेश में कहीं भी पेट्रोलियम पदार्थों और गैस की कमी नहीं है। इनके पर्याप्त भण्डार मौजूद हैं। कलेक्टर एलपीजी के वितरण और भण्डारण पर कड़ी निगरानी रखें। यदि कोई व्यक्ति इनका अवैध कारोबार अथवा कालाबाजारी करता है तो उसके विरूद्ध कड़ी कार्यवाही करें। गैस सिलेण्डर रिफिल कराने के लिए ऑनलाइन बुकिंग तथा वितरण की व्यवस्था कराएं। आयल कंपनी के प्रतिनिधियों के साथ निरंतर समन्वय बनाकर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें। गैस तथा पेट्रोलियम पदार्थों के वितरण के संबंध में भ्रामक और तथ्यहीन समाचारों तथा सूचनाओं का तत्काल खण्डन कराएं।

       मुख्य सचिव ने कहा कि हर जिले में कंट्रोल रूम बनाकर सूचनाओं का समन्वय से आदान-प्रदान करें। सीएम हेल्पलाइन में गैस संबंधी शिकायत मिलने पर उसे तत्काल संबंधित आयल कंपनी को भेजकर 24 घंटे में शिकायत का निराकरण कराएं। कॉमन सर्विस सेंटर तथा अन्य प्लेटफार्मों से भी गैस बुकिंग की सुविधा शुरू कराएं। आयल कंपनियाँ अपने सर्वर की क्षमता में वृद्धि कराएं जिससे ऑनलाइन बुकिंग में उपभोक्ताओं को किसी तरह की कठिनाई न हो। होटल संचालकों, बारात घर संचालकों तथा कामर्शियल सिलेंडर का उपयोग करने वाले अन्य व्यक्तियों के साथ बैठक कर उन्हें वैकल्पिक साधनों के उपयोग के लिए प्रेरित करें। वीडियो कान्फ्रेंसिंग में अपर मुख्य सचिव खाद्य श्रीमती रश्मि अरूण शमी ने पेट्रोलियम पदार्थों और एलपीजी गैस की आपूर्ति के लिए की गई व्यवस्थाओं की जानकारी दी। वीडियो कान्फ्रेंसिंग में कमिश्नर रीवा बीएस जामोद ने कहा कि संभाग के सभी जिलों में गैस एजेंसियों, होटल संचालकों के साथ बैठक करके समन्वय बनाया गया है। राजस्व तथा पुलिस अधिकारी एलपीजी गैस के वितरण और भण्डारण की निगरानी कर रहे हैं। विद्यार्थियों की परीक्षाएं हो जाने के कारण छात्रावासों में रहने वाले विद्यार्थियों की संख्या लगातार घट रही है। जो विद्यार्थी हैं उनके भोजन के लिए समुचित प्रबंध किए गए हैं। लोगों को एलपीजी गैस का अनावश्यक भण्डारण न करने के संबंध में समझाइश दी जा रही है। वीडियो कान्फ्रेंसिंग में संयुक्त आयुक्त सुदेश मालवीय, संयुक्त आयुक्त दिव्या त्रिपाठी उपस्थित रहीं। कलेक्ट्रेट के एनआईसी केन्द्र से कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल, पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र सिंह चौहान तथा संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Facebook Comments Box

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *