एमपी ट्रांसको ने 220 केवी सिस्टम पर किया लाइन मेंटेनेंस

रम्स सोलर जनरेशन की निर्बाध निकासी सुनिश्चित करने एमपी ट्रांसको ने 220 केवी सिस्टम पर किया लाइन  मेंटेनेंस
बिना शटडाउन मेंटेनेंस से रीवा शहर, रामपुर बघेलान, व्यौहारी, रामपुर नैकिन, रेलवे ट्रैक्शन, जे पी सीमेंट में भी रही निर्बाध बिजली आपूर्ति
रीवा 25 फरवरी 2026. रम्स में उत्पादित होने वाले सोलर एनर्जी की निकासी के साथ संभागीय मुख्यालय रीवा एवं अन्य क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति में किसी प्रकार का व्यवधान न हो, इसके लिए मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी (एमपी ट्रांसको) ने रीवा स्थित 220 केवी सबस्टेशन सिल्परा में चालू 2 लाख 20 हजार वोल्ट सिस्टम पर बेयर हैंड तकनीक से सफलतापूर्वक लाइव लाइन मेंटेनेंस कर एक उल्लेखनीय कार्य किया है। यह कार्य 220 केवी मेन बस पर 220 केवी सिरमौर के बस आइसोलेटर में उत्पन्न हॉट प्वाइंट को दूर करने हेतु हॉट लाइन मेंटेनेंस के माध्यम से किया गया। इसके लिए ट्रांसमिशन लाइन मेंटेनेंस की जबलपुर एवं कटनी की विशेषज्ञ टीम ने बेयर हैंड तकनीक का उपयोग करते हुए पूरी सावधानी एवं सुरक्षा के सभी मानकों का पालन करते हुए पूरी दक्षता के साथ जोखिम भरा सुधार कार्य पूर्ण किया।
एमपी ट्रांसको के अधीक्षण अभियंता श्री एम पी पटेल ने बताया कि सामान्यतः इस प्रकार के मेंटेनेंस कार्य के लिए पूरे सबस्टेशन का शटडाउन लेना आवश्यक होता, लेकिन शटडाउन लेने से रम्स में उत्पादित होने वाले सोलर एनर्जी की निकासी में रूकावट के साथ संभागीय मुख्यालय रीवा शहर, रामुपर बघेलान, व्यौहारी, रामपुर नैकिन, रेलवे ट्रैक्शन, जे पी सीमेंट में बिजली आपूर्ति घंटो प्रभावित रहती। सोलर एनर्जी की निकासी में किसी प्रकार के व्यवधान को रोकने एवं विद्युत उपभोक्ताओं को असुविधा से बचाने के उद्देश्य से ट्रांसको प्रबंधन ने लाइव लाइन मेंटेनेंस कराने का निर्णय लिया। रीवा में इस महत्वपूर्ण लाइव लाइन मेंटेंनेंस को सफलतापूर्वक सम्पन्न कराने में कायर्पालन अभियंता ए.पी.एस चौहान, अभय सक्सेना, कनिष्ठ अभियंता राजू चौहान के मार्गदर्शन में बेयर हैंड तकनीक के माध्यम से हॉट लाइन मेंटेंनेंस में दक्ष टीम ज्ञानेश्वर, कमलेश मरावी, होल्कर सिंह एवं जगदीश ठाकुर का योगदान रहा। एमपी ट्रांसको की इस तकनीकी दक्षता और त्वरित निर्णय से रीवा क्षेत्र में सोलर एनर्जी उत्पादन, निकासी एवं क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति पूरी तरह निर्बाध बनी रही।

Facebook Comments Box

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *